उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से 22 जुलाई को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका सक्रिय बूथ संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं।
बैठक में तैयारियों की हुई समीक्षा
महराजगंज स्थित कैंप कार्यालय में दो दिवसीय संसदीय क्षेत्र प्रवास के दौरान आयोजित बैठक में पंकज चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत का आधार मजबूत बूथ प्रबंधन होता है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरे समर्पण के साथ संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
बूथ अध्यक्षों की भूमिका बताई अहम
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा चुनावी रणनीति की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष सरकार और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम होते हैं। उनकी सक्रियता से संगठन की जड़ें और मजबूत होती हैं।

सरकार की योजनाएं जनता तक पहुंचाने का आह्वान
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान तेज करने, नए मतदाताओं से जुड़ने और सरकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने की भी बात कही।
संगठनात्मक गतिविधियों को मिलेगा और बल
बैठक में चुनावी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर संगठनात्मक कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की अपील की।
जिलाध्यक्ष ने भी तैयारियों की दी जानकारी
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने अधिक से अधिक बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

