मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत जिले में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अब तक अपने गणना प्रपत्र जमा नहीं किए हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार जिले में कुल 7,39,338 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे, लेकिन अब तक केवल 6,35,185 मतदाताओं ने ही भरे हुए प्रपत्र वापस जमा कराए हैं। जमा किए गए सभी प्रपत्रों का डिजिटलाइजेशन भी पूरा किया जा चुका है। मंगलवार गणना प्रपत्र जमा करने का अंतिम दिन है और इसके बाद प्रक्रिया का अगला चरण शुरू होगा।
15 जुलाई से शुरू होगी नोटिस भेजने की कार्रवाई
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं ने निर्धारित समय सीमा तक हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र जमा नहीं किए होंगे, उन्हें 15 जुलाई से नोटिस जारी किए जाएंगे। आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का रिकॉर्ड अद्यतन करना और मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाना है। ऐसे मतदाताओं से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

21 जुलाई को जारी होगी प्रारूपिक मतदाता सूची
निर्वाचन विभाग 21 जुलाई को प्रारूपिक (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित करेगा। इस सूची में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जिन्होंने 14 जुलाई तक अपने हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ (BLO) को जमा कर दिए हैं। इसके बाद 21 जुलाई से 18 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इस अवधि में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 जमा किए जा सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर को किया जाएगा।
ऑनलाइन भी भर सकते हैं गणना प्रपत्र
निर्वाचन आयोग ने ऐसे मतदाताओं के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई है, जिनके पास अब तक बीएलओ नहीं पहुंचे हैं। ऐसे नागरिक आयोग के पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं। वहीं नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरते समय परिवार के अन्य सदस्यों का विवरण देना भी अनिवार्य होगा, ताकि एक ही पते पर रहने वाले परिवार के सभी मतदाताओं के नाम एक साथ दर्ज रह सकें। निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों से समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

