बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार को लेकर एक बार फिर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि केंद्र सरकार जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है और इसमें नीतीश कुमार को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि, सरकार या जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल यह चर्चा राजनीतिक अटकलों तक ही सीमित है।
RJD ने बड़ी जिम्मेदारी देने की मांग की
इन चर्चाओं के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता मुकेश रोशन ने कहा कि यदि नीतीश कुमार को केंद्र में लाया जाता है तो उन्हें रेलवे, कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय या उप-प्रधानमंत्री जैसा बड़ा पद दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता है तो यह बिहार के लिए सम्मान की बात होगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में एनडीए ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में जीत हासिल की थी, इसलिए उन्हें उचित सम्मान मिलना चाहिए।

JDU ने अटकलों पर नहीं दिया स्पष्ट जवाब
उधर, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने इन चर्चाओं पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा कि ऐसी चर्चाओं की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से ही मिल रही है और उन्हें इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने पिछले दो दशकों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और राज्य सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ रही है।
पहले भी संभाल चुके हैं कई बड़े मंत्रालय
गौरतलब है कि वर्ष 2005 में बिहार के मुख्यमंत्री बनने से पहले नीतीश कुमार केंद्र सरकार में रेल मंत्रालय सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद से समय-समय पर उनके केंद्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की अटकलें सामने आती रही हैं। हालांकि, मौजूदा समय में न तो केंद्र सरकार और न ही जेडीयू ने इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि की है।

