back to top
Tuesday, July 21, 2026
Homeराज्यगुना में एक्सीलेटर की आवाज बनी हत्या की वजह, टैक्सी चालक ने...

गुना में एक्सीलेटर की आवाज बनी हत्या की वजह, टैक्सी चालक ने युवक के सीने में घोंपा चाकू

मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कैंट थाना क्षेत्र के साईं सिटी कॉलोनी, मालपुर रोड में सोमवार शाम बाइक का एक्सीलेटर तेज करने जैसी मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि गुस्साए टैक्सी चालक ने 19 वर्षीय मोहित रजक के सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

एक्सीलेटर की आवाज पर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच राजा की चक्की के पास हुई। मृतक के बड़े भाई विकास रजक ने शिकायत में बताया कि मोहित अपने दोस्तों बलराम जाटव और शिवजीत शर्मा के साथ बाइक से घूमने निकला था। इसी दौरान मोहित ने बाइक स्टार्ट कर एक्सीलेटर तेज किया, जिस पर पड़ोस में रहने वाला टैक्सी चालक रामजीलाल रजक नाराज हो गया। उसने बाइक वहां खड़ी करने और तेज आवाज करने पर आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी।

गुना में एक्सीलेटर की आवाज बनी हत्या की वजह, टैक्सी चालक ने युवक के सीने में घोंपा चाकू

बीच-बचाव के दौरान चाकू से किया हमला

जब बड़ा भाई विकास बीच-बचाव करने पहुंचा, तभी आरोपी अपनी टैक्सी के पास गया और वहां से धारदार चाकू निकाल लाया। आरोप है कि उसने सीधे मोहित के सीने पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन और स्थानीय लोग घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या का केस दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और परिजनों की शिकायत के आधार पर कैंट थाना पुलिस ने आरोपी रामजीलाल रजक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

गुना के प्रभारी सीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी, जो अचानक हिंसक रूप ले बैठी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments