Chandigarh News(pockets news): कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार चुनाव में वोट चोरी और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोप लगा रहे हैं। अब भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने इन आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा है कि देश में वोट चोरी नहीं हुई है बल्कि जनता ने कांग्रेस को वोट देना ही बंद कर दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव में हार मिलने के बाद देश के लोगों के बीच गलत बातें फैलाने का आरोप लगाया।
चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय कमलम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस को चुनाव में हार का सामना करना पड़ता है तो पार्टी कभी ईवीएम को जिम्मेदार बताती है तो कभी चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है। अब कांग्रेस एसआईआर को लेकर भी सवाल खड़े कर रही है। अनुराग ठाकुर के मुताबिक कांग्रेस अपनी हार की असली वजह समझने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा रही है।
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी के उस दावे पर भी सवाल उठाए जिसमें उन्होंने करीब 13 करोड़ वोट कटने की बात कही थी। अनुराग ठाकुर का कहना है कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि जनता किस वजह से उससे दूर हो रही है। सिर्फ चुनाव में हार मिलने के बाद वोट चोरी का आरोप लगाने से सच्चाई नहीं बदल जाती।
इस प्रेस वार्ता में चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वोट चोरी नहीं हुई बल्कि चोरों को वोट मिलना बंद हो गया है। जनता ने अपने वोट के जरिए अपना फैसला सुना दिया है लेकिन कांग्रेस इस फैसले को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है।
भाजपा नेताओं के इन बयानों के बाद एक बार फिर चुनाव में गड़बड़ी और वोटर लिस्ट को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। कांग्रेस जहां चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है वहीं भाजपा इसे जनता के फैसले को न मानने की कोशिश बता रही है। अब देखना होगा कि राहुल गांधी और कांग्रेस की तरफ से अनुराग ठाकुर के इस बयान पर क्या जवाब दिया जाता है।

