DELHI NEWS(Pockets news): दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया जब एक यात्री ने विमान के इमरजेंसी एग्जिट गेट के लीवर से छेड़छाड़ करने की कोशिश की। यात्री की इस हरकत के चलते विमान में लगा अलार्म बजने लगा। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना सोमवार को इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E6884 में हुई। यह विमान दिल्ली से पुणे जा रहा था। इसी दौरान विमान में सफर कर रहे एक यात्री ने इमरजेंसी एग्जिट गेट के लीवर के साथ कुछ करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति इमरजेंसी गेट के ठीक बगल वाली सीट पर बैठा हुआ था। उसकी सीट का नंबर 19D था।
जैसे ही यात्री ने इमरजेंसी गेट के लीवर से छेड़छाड़ करने की कोशिश की वैसे ही विमान में अलार्म बजने लगा। इसके बाद विमान में मौजूद लोगों और क्रू मेंबर्स का ध्यान इस तरफ गया। विमान में सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण इस घटना को हल्के में नहीं लिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 33 वर्षीय गौरव सत्येंद्र रौतेला के रूप में हुई है। वह पुणे जिले के सासवड इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
हवाई जहाज में इमरजेंसी एग्जिट गेट यात्रियों की सुरक्षा के लिए होता है। इसका इस्तेमाल केवल आपात स्थिति में ही किया जाता है। उड़ान के दौरान इस गेट के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। ऐसे में यात्री की इस हरकत को विमान की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। अब यह जांच का विषय है कि यात्री ने आखिर किस वजह से इमरजेंसी गेट के लीवर के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की।

