भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठन में कई अहम बदलाव करते हुए 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस नई टीम को संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महामंत्रियों और क्षेत्रीय अध्यक्षों पर भरोसा
नई कार्यकारिणी में राम प्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। वहीं क्षेत्रीय अध्यक्षों की जिम्मेदारी पश्चिम में नवाब सिंह नागर, ब्रज में पूरन सिंह लोधी, कानपुर में रामकिशोर साहू, अवध में अवधेश द्विवेदी, काशी में अशोक चौरसिया और गोरखपुर में विनोद राय को सौंपी गई है।
19 उपाध्यक्षों में नए और अनुभवी चेहरों का संतुलन
बीजेपी ने इस बार संगठन में सामाजिक और राजनीतिक संतुलन पर विशेष ध्यान दिया है। उपाध्यक्ष पद पर सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, नीरज सिंह, पूजा पाल, प्रियंका रावत, अर्चना मिश्रा, मोहित बेनीवाल, सुरेश मौर्य, राजेश यादव, कृष्ण बिहारी राय सहित कुल 19 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों को अलग-अलग क्षेत्रों और वर्गों में पार्टी की पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

मंत्रियों और संगठनात्मक पदों पर नई जिम्मेदारियां
प्रदेश मंत्रियों की सूची में विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, अंकुर शर्मा, अनिल यादव, विजय राजभर, राकेश बिंद, रजनी पांडेय, राहुल वाल्मीकि, दीपमाला संतोषी और आकांक्षा सोनकर समेत 19 नेताओं को जगह मिली है। भारत दीक्षित को कार्यालय मंत्री बनाया गया है, जबकि अतुल अवस्थी और लक्ष्मण सिंह कार्यालय सह-मंत्री होंगे। दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता, मनीष दीक्षित को प्रदेश मीडिया संयोजक और हिमांशु राज पंडित को सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है।
मोर्चों में भी नई जिम्मेदारियां
बीजेपी ने अपने सभी प्रमुख मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की है। रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा, प्रकाश पाल को पिछड़ा मोर्चा, देवेंद्र सिंह को किसान मोर्चा, अशोक रावत को अनुसूचित मोर्चा, सरोज कुशवाह को महिला मोर्चा और विद्याभूषण गोंड को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

