हरियाणा में अन्य पिछड़ा वर्ग यानी OBC की जातीय जनगणना को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था में OBC की आबादी का सटीक आंकड़ा सामने आने में दिक्कत हो सकती है। बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कांग्रेस नेताओं ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात की और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
OBC के लिए अलग कॉलम की मांग
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जातीय जनगणना में OBC के लिए अलग और स्पष्ट कॉलम रखने की मांग की। नेताओं का कहना है कि सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के लिए प्रभावी योजनाएं बनाने के लिए जातीय आंकड़ों का सही होना बेहद जरूरी है।
कांग्रेस ने कहा कि यदि OBC की वास्तविक आबादी का स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आया तो सरकारी योजनाओं और नीतियों का लाभ जरूरतमंद वर्ग तक सही तरीके से पहुंचाने में परेशानी हो सकती है।
अधिसूचना के कॉलम पर भी सवाल
कांग्रेस नेताओं ने 14 अगस्त को जारी जातीय जनगणना की अधिसूचना में दसवें नंबर पर दिए गए SC-ST एवं अन्य जातियों के कॉलम पर भी आपत्ति जताई।
पार्टी नेताओं ने स्पष्ट कहा कि OBC के लिए अलग कॉलम के बिना जातीय जनगणना की मौजूदा व्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी।

‘जातियों के नाम अलग-अलग दर्ज होने का खतरा’
कांग्रेस ने एक और महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश के अलग-अलग क्षेत्रों में एक ही जाति को अलग-अलग उपनाम, स्थानीय नाम, बोलियों और वर्तनी के जरिए पहचाना जाता है।
पार्टी के मुताबिक, अगर जनगणना में सिर्फ व्यक्ति द्वारा बताए गए नाम को दर्ज किया गया तो एक ही सामाजिक समूह अलग-अलग नामों में दर्ज हो सकता है। इससे OBC, अति पिछड़े और शिल्पी वर्गों की वास्तविक आबादी का आंकड़ा प्रभावित होने की आशंका है।
तेलंगाना मॉडल अपनाने का सुझाव
राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन में कांग्रेस ने तेलंगाना में कराए गए सामाजिक-आर्थिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक सर्वेक्षण के मॉडल और अनुभवों का अध्ययन करने का सुझाव दिया।
पार्टी ने कहा कि इस मॉडल की उपयोगिता का अध्ययन करके जातीय आंकड़ों को अधिक सटीक तरीके से जुटाने की व्यवस्था तैयार की जा सकती है।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
राज्यपाल से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, OBC सेल के प्रदेश अध्यक्ष एवं आदमपुर विधायक चंद्र प्रकाश और पूर्व सांसद राज बब्बर समेत कई नेता शामिल रहे।
विधायक अशोक अरोड़ा, आफताब अहमद, गीता भुक्कल, मंजू चौधरी, बीबी बत्रा और मामन खान समेत अन्य नेता भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे।
आगे की रणनीति पर भी चर्चा
राजभवन में ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा, चंद्र प्रकाश और राज बब्बर की मौजूदगी में OBC सेल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में जातीय जनगणना के मुद्दे को आगे बढ़ाने और पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। कांग्रेस का कहना है कि OBC समुदाय से जुड़े नीतिगत फैसलों के लिए सही और स्पष्ट जातीय आंकड़े बेहद जरूरी हैं।

