हरियाणा के पंचकूला नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए मेयर पद पर कब्जा कर लिया है। बीजेपी प्रत्याशी श्याम लाल बंसल ने कांग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज को बड़े अंतर से हराकर जीत हासिल की। श्याम लाल बंसल को कुल 68,544 वोट मिले जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 32,292 वोट प्राप्त हुए। इस तरह 36,252 वोटों के अंतर से यह जीत दर्ज की गई, जिसे बीजेपी खेमे के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है। जीत के बाद समर्थकों में उत्साह और जश्न का माहौल देखा गया।
वार्डों में भी बीजेपी का दबदबा, विपक्ष को बड़ा झटका
पंचकूला नगर निगम के 20 वार्डों के नतीजों में भी बीजेपी ने मजबूत प्रदर्शन किया। पार्टी ने 17 वार्डों में जीत हासिल कर स्पष्ट बहुमत साबित किया। वहीं कांग्रेस को केवल 1 वार्ड में सफलता मिली, जबकि 2 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। इस परिणाम ने यह साफ कर दिया कि शहरी मतदाताओं में इस बार बीजेपी का जनाधार मजबूत रहा है। चुनाव विश्लेषकों का मानना है कि संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति ने बीजेपी को निर्णायक बढ़त दिलाई है।

अन्य नगर निगमों में भी बीजेपी की मजबूत पकड़
पंचकूला के अलावा अंबाला और सोनीपत नगर निगम चुनावों में भी बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है। अंबाला में बीजेपी की अक्षिता सैनी ने कांग्रेस उम्मीदवार कुलविंदर कौर को 21,358 वोटों से हराया। वहीं सोनीपत में बीजेपी के राजीव जैन ने कांग्रेस के कमल देवन को 23,247 वोटों से मात दी। इसके अलावा धारूहेड़ा में भी बीजेपी ने जीत दर्ज की जबकि सांपला में भी पार्टी के उम्मीदवार ने कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी को पीछे छोड़ दिया। हालांकि उकलाना में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा जहां निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की।
सीएम नायब सैनी ने बताया जनादेश को पीएम मोदी पर विश्वास
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास नीतियों पर जनता के विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश विकास। सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के प्रति जनता की मजबूत आस्था को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत उनकी मेहनत और संगठन की ताकत का परिणाम है। साथ ही उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार जताया और कहा कि यह परिणाम सरकार को और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देगा।

