west asia news(Pocket news): पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई सफर पर भी साफ दिखाई देने लगा है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब जाने और वहां से भारत आने वाली अपनी सभी उड़ानों को 14 नवंबर 2026 तक रद्द करने का फैसला किया है। इस फैसले से भारत और सऊदी अरब के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।
एयरलाइंस की तरफ से शुक्रवार 30 अक्टूबर को इस फैसले की जानकारी दी गई। कंपनी के मुताबिक मौजूदा हालात को देखते हुए जेद्दा रियाद और दम्माम आने जाने वाली उड़ानें 14 नवंबर तक बंद रहेंगी। इससे पहले भी इन उड़ानों को अलग अलग तारीखों तक रद्द किया गया था लेकिन पश्चिम एशिया के हालात में सुधार नहीं होने के चलते अब रोक की अवधि बढ़ा दी गई है।
दरअसल पश्चिम एशिया में पिछले कुछ समय से तनाव लगातार बढ़ रहा है। इलाके में सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के साथ सऊदी अरब के हवाई अड्डों और दूसरी जरूरी जगहों पर हमलों की खबरें भी सामने आई हैं। ऐसे में यात्रियों और विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस ने यह कदम उठाया है।
हालांकि जिन यात्रियों ने पहले से टिकट बुक करा रखे हैं उनके लिए कंपनी ने राहत भी दी है। 30 अक्टूबर या उससे पहले टिकट बुक कराने वाले और 14 नवंबर तक यात्रा करने वाले यात्रियों को एक बार मुफ्त में टिकट की तारीख बदलने का मौका मिलेगा। यात्री उपलब्ध सीटों के हिसाब से 29 नवंबर तक अपनी यात्रा की नई तारीख चुन सकते हैं।
अगर कोई यात्री अपनी यात्रा नहीं करना चाहता तो वह टिकट रद्द कराकर पूरा पैसा वापस ले सकता है। एअर इंडिया के यात्री सऊदी अरब में कंपनी के किसी चालू स्टेशन से अपनी यात्रा की नई बुकिंग करा सकते हैं। वहीं एअर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री सऊदी अरब या बहरीन के चालू स्टेशन से भी सफर की नई व्यवस्था चुन सकते हैं।
इस बीच इंडिगो और अकासा एयर ने भी सऊदी अरब के कुछ शहरों के लिए अपनी उड़ानें रद्द की हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें और किसी भी परेशानी से बचने के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।

