INDIA NEWS (Pocket news): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से ऐसा बयान दिया है जिसकी चर्चा अब राजनीतिक गलियारों में हो रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मोदी को लेकर दिए गए बयान के बीच प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अपने जीवन के आखिरी क्षण तक देश की जनता की सेवा करते रहेंगे। उनके इस बयान को खड़गे की टिप्पणी से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल कुछ दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। वहां किसी व्यक्ति ने कहा था कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे। इस पर खड़गे ने जवाब देते हुए कहा था कि मोदी का बाप भी जाएगा। उनके इस बयान के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई थी।
अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया और एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने करीब 14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
जनसभा में पीएम मोदी ने बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें देश में परेशानी और संकट देखकर खुशी मिलती है। जब भी देश किसी मुश्किल दौर से गुजरता है तो ये लोग हालात का फायदा उठाकर लोगों में डर और अफरा तफरी फैलाने की कोशिश करते हैं।
प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष ने खाद और रसोई गैस की कमी को लेकर लोगों के बीच डर फैलाया। किसानों को खाद नहीं मिलने की बात कही गई और महिलाओं को गैस खत्म होने का डर दिखाया गया। मोदी ने कहा कि सरकार ने मुश्किल हालात के बावजूद किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय कीमतों का बोझ भी किसानों पर नहीं पड़ने दिया।
उन्होंने बताया कि दुनिया में यूरिया की एक बोरी की कीमत करीब 3000 रुपये तक पहुंच गई है लेकिन भारतीय किसानों को यह 300 रुपये से भी कम में मिल रही है। वहीं डीएपी खाद की बोरी भी किसानों को 1350 रुपये में दी जा रही है।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि उनका मकसद कुर्सी नहीं बल्कि जनता की सेवा है। वह जीवन के अंतिम क्षण तक देश के लोगों के लिए काम करते रहेंगे।

