back to top
Friday, November 20, 2026
Homeराजनीतिअयोध्या में आकाश आनंद का बड़ा बयान, बोले आज गुस्सा नहीं हिसाब...

अयोध्या में आकाश आनंद का बड़ा बयान, बोले आज गुस्सा नहीं हिसाब पढ़ेंगे

Ayodhya News(Pocketsnews): रामनगरी अयोध्या में बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है। शुक्रवार को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बड़ी जनसभा में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने जनता के सामने अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और बीजेपी पर निशाना साधने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से चुनाव में एकजुट होकर उतरने की अपील भी की।

आकाश आनंद ने अपने भाषण की शुरुआत ही एक अलग अंदाज में की। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग उनसे कहते हैं कि आजकल आकाश बहुत गुस्से में भाषण देते हैं। उनकी बातों में गुस्सा साफ दिखाई देता है। लेकिन इस बार उन्होंने पहले ही साफ कर दिया कि वह अयोध्या की इस रैली में गुस्से से कोई बात नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि आज गुस्से की बात नहीं होगी बल्कि हिसाब पढ़ा जाएगा। अगर उनकी बात सुनकर लोगों को हंसी आती है तो हंस सकते हैं और अगर किसी के मन में गुस्सा है तो उस गुस्से को वोट के जरिए दिखाना चाहिए। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि चुनाव में हाथी के सामने वाला बटन दबाकर बहन जी यानी मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का काम करें।

उनके इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बसपा की चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। आकाश आनंद ने अपने अंदाज में जनता को यह संदेश देने की कोशिश की कि आने वाले चुनाव में पार्टी केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि जनता के बीच जाकर अपनी बात रखेगी और विरोधियों से उनके कामकाज का हिसाब भी मांगेगी।

अयोध्या की इस रैली के जरिए बसपा ने साफ संकेत दिया है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मैदान में उतर चुकी है। बीकापुर में हुई इस जनसभा में बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी के बीच आकाश आनंद ने पार्टी के पुराने वोट बैंक को फिर से मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की।

अब देखना होगा कि 2027 के चुनाव में बसपा अपनी इस शुरुआत को कितनी मजबूती से आगे बढ़ा पाती है और आकाश आनंद की ये रैलियां पार्टी के लिए कितना राजनीतिक फायदा लेकर आती हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments