International news(Pockets news): अमेरिका के अटलांटा में हुई G20 बैठक इस बार एक अलग वजह से चर्चा में आ गई है। आमतौर पर ऐसी बड़ी बैठकों में सभी देशों के नेता और प्रतिनिधि एक साथ खड़े होकर फैमिली फोटो खिंचवाते हैं। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की मौजूदगी को लेकर कई देशों के प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई और फोटो सेशन में शामिल होने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि बैठक में रूस की मौजूदगी को लेकर पश्चिमी देशों के नेताओं के बीच काफी असहमति थी। इसी वजह से G20 बैठक की शुरुआत बिना किसी पारंपरिक ग्रुप फोटो के हुई। मामला इतना बढ़ गया कि कई प्रतिनिधियों ने साफ कह दिया कि अगर रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ उनकी तस्वीर ली गई तो वे बैठक से बाहर चले जाएंगे।
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक दो पश्चिमी अधिकारियों ने इस मामले की जानकारी दी है। अधिकारियों का कहना है कि बैठक में शामिल एक तिहाई से ज्यादा प्रतिनिधियों ने फोटो सेशन होने पर वॉकआउट करने की धमकी दी थी। ऐसे में आयोजकों के सामने भी मुश्किल खड़ी हो गई थी कि आखिर सभी देशों के प्रतिनिधियों को एक साथ तस्वीर के लिए कैसे तैयार किया जाए।
इसके बाद अमेरिका की ओर से इस बार पुरानी परंपरा को बदलते हुए फैमिली फोटो नहीं कराई गई। इस फैसले के बाद बैठक का यह हिस्सा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। क्योंकि G20 जैसे बड़े मंच पर आमतौर पर देशों के बीच बातचीत और आपसी सहयोग को दिखाने के लिए ऐसी तस्वीरों को काफी अहम माना जाता है।
रूस और पश्चिमी देशों के बीच पहले से ही कई मुद्दों पर तनाव बना हुआ है। ऐसे में सर्गेई लावरोव की मौजूदगी ने इस बैठक में भी देशों के बीच मतभेद को सामने ला दिया।
हालांकि बैठक में फैमिली फोटो नहीं होने के पीछे बताई जा रही वजह को लेकर अब तक सामने आई जानकारी पश्चिमी अधिकारियों के हवाले से है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर दिखा दिया है कि अंतरराष्ट्रीय बैठकों में भी देशों के राजनीतिक मतभेद किस तरह सामने आ जाते हैं।

