back to top
Monday, October 26, 2026
Homeमनोरंजनगाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी अस्पताल में भर्ती डॉक्टरों की टीम कर रही...

गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी अस्पताल में भर्ती डॉक्टरों की टीम कर रही इलाज

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक उन्हें पिछले तीन दिनों से बुखार आ रहा था और शुक्रवार दोपहर से सीने के नीचे और पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द होने लगा था। परेशानी बढ़ने पर परिवार के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने का फैसला किया।

अफजाल अंसारी को गाजीपुर से एंबुलेंस के जरिए लखनऊ लाया गया। फिलहाल मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी देखरेख में इलाज कर रही है। उनकी तबीयत खराब होने की खबर सामने आने के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों के बीच चिंता का माहौल है। कई लोग उनका हाल जानने के लिए लखनऊ पहुंच रहे हैं।

इस बीच मऊ सदर से विधायक और अफजाल अंसारी के भतीजे अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी तबीयत की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उनके बड़े अब्बा अफजाल अंसारी की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब्बास अंसारी ने लोगों से उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए दुआ और प्रार्थना करने की अपील भी की है।

अफजाल अंसारी पूर्वांचल की राजनीति का जाना पहचाना नाम हैं। वह गाजीपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद हैं और बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के बड़े भाई हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से की थी। वह मोहम्मदाबाद विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने गए और गाजीपुर से तीन बार सांसद भी बने।

साल 2004 में वह समाजवादी पार्टी में शामिल हुए और उसी साल सांसद बने। बाद में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी का दामन थामा और 2019 में बसपा के टिकट पर चुनाव जीता। साल 2023 में उनकी सांसदी चली गई थी। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर गाजीपुर से जीत हासिल की।

फिलहाल अफजाल अंसारी का लखनऊ के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके स्वास्थ्य को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments