सितंबर माह में जिला पुलिस ने अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए 125 मामलों में 147 आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थ, अवैध शराब, हथियार और चोरी की संपत्ति समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया। यह कार्रवाई एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में की गई।
नशा तस्करी के 20 मामलों में 24 गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सितंबर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 20 मामले दर्ज कर 24 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 802 किलो 562 ग्राम डोडा पोस्त, 11 किलो 660 ग्राम चूरापोस्त, 27 किलो 398 ग्राम गांजा, 2 किलो 217 ग्राम अफीम, 59.66 ग्राम हेरोइन, 647 ग्राम चरस और 500 नशीली गोलियां बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद मादक पदार्थ की कीमत करोड़ों रुपये बताई गई है।
शराब तस्करी पर भी शिकंजा
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सितंबर में 75 मामले दर्ज किए और 71 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 1,009 बोतल देशी शराब, 497 बोतल हथकढ़ी शराब और 36 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
इसके अलावा करीब 3,675 लीटर लाहन भी बरामद किया गया। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
चोरी की 20 लाख से ज्यादा की संपत्ति बरामद
संपत्ति संबंधी अपराधों में भी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, चोरी और अन्य संपत्ति विरुद्ध अपराधों के 20 मामलों में 41 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
इनके कब्जे से करीब 20 लाख 62 हजार रुपये मूल्य की चोरीशुदा संपत्ति बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य चोरी और लूट जैसी वारदातों पर अंकुश लगाना है।

अवैध हथियार रखने वालों पर कार्रवाई
अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 6 मामलों में 7 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 6 अवैध देसी पिस्तौल, 8 कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, अवैध हथियारों की तस्करी और इनके इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
जुआ-सट्टा और फरार आरोपित भी निशाने पर
जुआ और सट्टा अधिनियम के तहत पुलिस ने सितंबर में 4 मामले दर्ज किए और 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 10,810 रुपये बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने 10 बेल जंपर और 20 पीओ आरोपितों को भी काबू किया। इससे उन आरोपितों पर शिकंजा कसने की कोशिश की गई है, जो अदालत की प्रक्रिया से बच रहे थे या फरार चल रहे थे।
एसपी बोले- संदिग्ध गतिविधि की तुरंत दें सूचना
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस का पहला दायित्व आमजन की जान-माल की सुरक्षा करना है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस क्षेत्र में अमन-चैन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अराजक तत्वों, शराब, नशे और अवैध हथियारों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
एसपी ने आमजन से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

