बिहार में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 32,388 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
लंबे समय से अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। नोटिफिकेशन जारी होने के साथ ही कक्षा और विषयवार पदों की पूरी जानकारी भी सामने आ गई है।
सबसे ज्यादा पद कक्षा 11 और 12 के लिए
BPSC TRE-4 में सबसे ज्यादा भर्ती उच्च माध्यमिक स्तर यानी कक्षा 11 और 12 के लिए होगी। इस स्तर पर कुल 16,101 पद निर्धारित किए गए हैं।
इसके बाद कक्षा 6 से 8 के लिए 8,563 पद, कक्षा 9 और 10 के लिए 3,877 पद और प्राथमिक विद्यालयों यानी कक्षा 1 से 5 के लिए 3,847 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
किस कक्षा में कितने पद निर्धारित
भर्ती के अनुसार कक्षा 1 से 5 में सामान्य विषय के 3,065, उर्दू के 757 और बांग्ला के 25 पद हैं।
कक्षा 6 से 8 में गणित एवं विज्ञान के 2,188, अंग्रेजी के 1,929, संस्कृत के 1,225, सामाजिक विज्ञान के 1,190, हिंदी के 1,096 और उर्दू के 935 पद शामिल हैं।

वहीं कक्षा 9 और 10 के लिए सामाजिक विज्ञान के 756, अंग्रेजी के 696, उर्दू के 660, गणित के 570, विज्ञान के 463, संस्कृत के 322 सहित अन्य विषयों में पद निर्धारित किए गए हैं।
11वीं-12वीं में इन विषयों में होगी भर्ती
उच्च माध्यमिक स्तर पर रसायन विज्ञान में सबसे ज्यादा 3,695 पद हैं। इसके अलावा भौतिकी में 1,758, अंग्रेजी में 1,321, मनोविज्ञान में 1,030, वनस्पति विज्ञान में 1,078 और उर्दू में 877 पद निर्धारित किए गए हैं।
इसके साथ ही गणित, इतिहास, राजनीति विज्ञान, हिंदी, संस्कृत, कंप्यूटर विज्ञान समेत कई विषयों में भी नियुक्तियां होंगी।
आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न में बदलाव
TRE-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 30 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। हालांकि नोटिफिकेशन में अभी परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की गई है।
इस बार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा दोनों चरणों से गुजरना होगा। पहले चरण में सफल होने के बाद ही मेंस परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
आयु सीमा और युवाओं के लिए रोजगार का अवसर
प्राथमिक और मध्य विद्यालय शिक्षक पद के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षक पदों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है।
अधिकतम आयु सीमा की बात करें तो अनारक्षित पुरुषों के लिए 37 वर्ष, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 40 वर्ष, अनारक्षित महिलाओं के लिए 40 वर्ष और एससी-एसटी वर्ग के लिए 42 वर्ष रखी गई है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इस भर्ती प्रक्रिया का स्वागत करते हुए कहा कि इससे लाखों अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलेगा और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

