बिहार की राजधानी पटना के राजेंद्र नगर स्थित रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स में रविवार सुबह भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने इमारत के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, रेलवे प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है, हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
15 से अधिक दमकल गाड़ियों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड के तीनों डिवीजनों से 15 से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने लगातार करीब छह घंटे तक राहत और बचाव अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। इस दौरान प्राथमिकता आग को आसपास की इमारतों और रेलवे परिसरों तक फैलने से रोकने की रही। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया और आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी गई।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
फायर ब्रिगेड के अधिकारी गया सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह लगभग चार बजे मिली थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं राजेंद्र नगर जीआरपी प्रभारी दीप नारायण यादव ने बताया कि रेलवे यार्ड के पास स्थित पावर ग्रिड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली थी, जिससे रेलवे की कुछ केबल और एक ट्रांसफॉर्मर को नुकसान पहुंचा है।
रेलवे अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान की पूरी जानकारी सामने आएगी। फिलहाल संबंधित विभागों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक मरम्मत कार्य की तैयारी शुरू कर दी गई है।

