पंजाब के अमृतसर में सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने एक श्रद्धालु परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन के लिए हरियाणा के सिरसा से आए श्रद्धालुओं के जत्थे पर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर खड़ा एक विशाल और पुराना पेड़ अचानक गिर पड़ा। इस हादसे में 13 वर्षीय अमृतधारी सिख बालक राजप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई।
बस का इंतजार कर रहा था श्रद्धालुओं का जत्था
जानकारी के अनुसार सिरसा से करीब 15 श्रद्धालुओं का जत्था देर रात अमृतसर पहुंचा था। सभी श्रद्धालु श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए आए थे। रात करीब दो बजे वे अमृतसर रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से श्री हरिमंदिर साहिब जाने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की निःशुल्क बस सेवा का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ा कई दशक पुराना विशाल पेड़ अचानक भरभराकर गिर गया।

पेड़ का बड़ा हिस्सा सीधे बालक पर गिरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ गिरते ही वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में राजप्रीत सिंह पेड़ की चपेट में आ गया। पेड़ का भारी हिस्सा सीधे उसके ऊपर गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। चोटें इतनी गंभीर थीं कि बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत मदद करने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। राजकीय रेलवे पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक बगीचा सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। प्रशासन अब रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास खड़े पुराने पेड़ों की स्थिति की भी समीक्षा कर रहा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक राजप्रीत सिंह के पिता ने बताया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। राजप्रीत छोटी उम्र से ही धार्मिक जीवन जी रहा था और उसने कम उम्र में ही अमृत छक लिया था। वह नियमित रूप से गुरुद्वारा साहिब जाता था और गुरबाणी का पाठ करता था। परिवार के अनुसार वह श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन को लेकर बेहद उत्साहित था, लेकिन अमृतसर पहुंचने के कुछ ही समय बाद हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। एसजीपीसी अधिकारियों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।

