नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ गई है, वहीं मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना कम है। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, चंबा और कांगड़ा के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आई है।
कश्मीर घाटी की ऊंची चोटियां भी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। कई इलाकों में सड़कों पर बर्फ जमने के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना में आज बारिश होने की संभावना है।
18 से 23 अक्टूबर के दौरान तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।

तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी 18 अक्टूबर को बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 31 से 33 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है। दिन में करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। सोमवार को भी दिल्ली में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है।
उत्तर भारत में अभी कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी आज मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, पहाड़ों में बर्फबारी का असर धीरे-धीरे मैदानी इलाकों में दिखाई दे सकता है। तापमान में और गिरावट आने पर आने वाले दिनों में सुबह-शाम ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
फिलहाल देश में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं—उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ रहा है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है।

