पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय गोयल ने दिल्ली में अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने MCD और सरकारी अफसरों पर काम में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सांसद, विधायक और पार्षद तक अधिकारियों से काम करवाने के लिए परेशान हो रहे हैं।
कूड़ा उठाने को बताया बड़ी उपलब्धि
विजय गोयल ने कहा कि कहीं से कूड़ा उठा दिया जाए तो ऐसा लगता है जैसे बहुत बड़ा काम हो गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अधिकारी व्यवस्था संभालने के लिए मौजूद हैं तो शहर में जगह-जगह कूड़ा जमा क्यों हो जाता है।
सीवर-पानी से लेकर सड़क तक समस्याएं
बीजेपी नेता ने कहा कि सीवर, पानी, बिजली, नाली, सड़क और खरंजे जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर चुने हुए जनप्रतिनिधियों को अधिकारियों के सामने गिड़गिड़ाना पड़ रहा है। इसके बावजूद कई मामलों में काम नहीं हो रहा।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब अधिकारियों के सामने जनप्रतिनिधियों की ही सुनवाई नहीं हो रही, तो आम जनता की समस्याएं कौन सुनेगा।

आप नेता विनय मिश्रा ने किया पलटवार
विजय गोयल के बयान पर द्वारका के पूर्व विधायक और आप नेता विनय मिश्रा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, सांसद, विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री, MCD और पुलिस तक बीजेपी के नियंत्रण में हैं, तब बीजेपी नेता को सोशल मीडिया पर अधिकारियों की शिकायत करनी पड़ रही है।
विनय मिश्रा ने आरोप लगाया कि अधिकारियों को पहले राजनीतिक दबाव के जरिए काम करने से रोका गया और अब वही अधिकारी बीजेपी सरकार के साथ भी वैसा ही व्यवहार कर रहे हैं।
अधिकारियों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज
विनय मिश्रा ने अपने बयान में पूर्व मुख्य सचिव नरेश कुमार का भी जिक्र किया और कहा कि वे पुराने घटनाक्रम को भूले नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों को भी किसी न किसी दिन जवाब देना पड़ेगा।
विजय गोयल के इस बयान के बाद दिल्ली में सरकार, MCD और अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है।

