GUJRAT NEWS(Pockets news): गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के मौके पर भव्य परेड का आगाज हो गया है। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश की एकता और ताकत की झलक देखने को मिल रही है। शाम 5 बजे शुरू हुई परेड को इस बार पहले से ज्यादा खास और भव्य बनाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए और थोड़ी देर में देश को संबोधित करने वाले हैं।
इस बार की परेड में कुल 15 झांकियां शामिल की गई हैं। इन झांकियों के जरिए भारत की अलग अलग संस्कृति और देश की विविधता को दिखाया जा रहा है। कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण करीब 5000 कलाकारों की प्रस्तुति है। ये कलाकार एक भारत श्रेष्ठ भारत की थीम पर अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। इनके जरिए लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि भाषा और पहनावे में भले ही फर्क हो लेकिन पूरा देश एक साथ खड़ा है।
राष्ट्रीय एकता दिवस के इस आयोजन को लेकर एकता नगर में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। परेड ग्राउंड को खास तरीके से सजाया गया है और कार्यक्रम में अलग अलग तरह की प्रस्तुतियां रखी गई हैं। सरदार पटेल को याद करने के साथ ही देश की एकता और अखंडता का संदेश देने पर खास जोर दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर गुजरात के एकता नगर स्थित वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा किया। यहां उन्होंने बोनसाई पौधों का खूबसूरत संग्रह देखा। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर इस जगह की तारीफ करते हुए कहा कि यहां प्रकृति की खूबसूरती देखने का शानदार मौका मिलता है। वाटिका में थीम आधारित गार्डन भी बनाए गए हैं। यहां आने वाले पर्यटक अपना बोनसाई बनाने का अनुभव भी ले सकते हैं।
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को हर साल सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। देश को एकजुट करने में उनके योगदान को याद करने के लिए यह आयोजन किया जाता है। इस बार भी परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों तक एकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है।

