International news(Pockets news): शेख हसीना के ढाका छोड़ने का वीडियो बनाने वाले बांग्लादेश के पूर्व वायुसेना अधिकारी केएम तहसीफ सौरी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। गुरुवार 29 अक्टूबर 2026 को उनका शव ढाका की एक नदी से बरामद किया गया। वह एक दिन पहले से लापता थे। इस घटना के बाद कई सवाल उठ रहे हैं क्योंकि तहसीफ सौरी ने 5 अगस्त 2024 को उस समय का वीडियो रिकॉर्ड किया था जब तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ा था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने टोंगी बंदर घाट के पास से तहसीफ का शव बरामद किया। शव के पास मिले मोबाइल फोन और घड़ी से उनकी पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद सुहरावर्दी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। फिलहाल उनकी मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस को डूबने की आशंका है लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
तहसीफ सौरी के पिता केएम इनायतुल करीम हिलाल ने बताया कि उनका बेटा कभी कभी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताता था। उसने पिता से कहा था कि उसे थोड़ा डर लग रहा है लेकिन उसने यह नहीं बताया कि आखिर उसे किस बात का डर था। परिवार के मुताबिक घटना वाले दिन शाम से पहले तहसीफ का एक जूनियर दोस्त दीप उसे बुलाने घर आया था। तहसीफ अपनी मां से दोस्त से बात करके लौटने की बात कहकर नीचे गया था लेकिन फिर घर वापस नहीं आया।
तहसीफ को अनुशासनहीनता के आधार पर वायुसेना से बर्खास्त किया गया था। इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और नेत्रा न्यूज में काम किया। हाल ही में वह वर्गो टोबैको से जुड़े हुए थे।
शेख हसीना के ढाका छोड़ने का वीडियो बनाने वाले तहसीफ का नाम इस वजह से भी चर्चा में आया था क्योंकि 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश में बड़े जनविरोध के बाद उनकी सरकार गिर गई थी। इसके बाद शेख हसीना सैन्य हेलीकॉप्टर से रवाना हुई थीं और फिर बांग्लादेश वायुसेना के सी 130 जे हरक्यूलिस विमान से भारत के हिंडन एयरबेस पहुंची थीं।
हालांकि तहसीफ सौरी की मौत और उस वीडियो के बीच किसी सीधे संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

