बिहार के मधुबनी जिले में जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लखनौर थाना क्षेत्र के बेलही गांव में दो पक्षों के बीच पहले लाठी-डंडे चले और फिर फायरिंग हुई। इस घटना में मुखिया दिलीप को गोली लगने सहित कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा और मामले में कार्रवाई शुरू कर दी।
जमीन के लेनदेन से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, लखनौर थाना क्षेत्र के बेलही गांव में करीब आठ कट्ठा जमीन के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि जमीन की अदला-बदली के बावजूद एक पक्ष दोबारा उसी जमीन पर ट्रैक्टर लेकर जुताई करने पहुंच गया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
लाठी-डंडों के बाद हुई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों का इस्तेमाल हुआ और कथित तौर पर ट्रैक्टर से लोगों को कुचलने की भी कोशिश की गई। इसके बाद फायरिंग हुई, जिसमें मुखिया दिलीप के सीने में गोली लगी। घटना में करीब छह लोग घायल हुए। घायल मुखिया को प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच, दरभंगा रेफर किया गया।

पुलिस ने कई आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए विष्णु देव यादव, पवन, शनि कुमार, संजीव और प्रकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। राम निवास मुखिया के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक ट्रैक्टर भी जब्त किया है।
गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दूसरे ट्रैक्टर की बरामदगी के लिए भी कार्रवाई जारी है।
जांच जारी, पुलिस जुटा रही साक्ष्य
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।

