ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मुकाबला होने जा रहा है। मैच के माहौल के बीच भारतीय सलामी बल्लेबाज ईशान किशन को लेकर भी बड़ी खबरें सामने आई हैं। कोलंबो में होने वाले इस महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले ईशान के दादाजी ने अपने पोते की शादी और गर्लफ्रेंड को लेकर खुलासा किया। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर ईशान किशन की शादी को लेकर चर्चा का नया दौर शुरू हो गया है।
ईशान किशन के दादाजी ने किया खुलासा
दरअसल, ईशान किशन के दादाजी अनुराग पांडे ने एएनआई से बातचीत में बताया कि ईशान ने घर पर यह जिक्र किया था कि उनकी गर्लफ्रेंड अदिति ने उनके इंटरव्यू की काफी तारीफ की थी। दादाजी ने बताया कि अदिति ने ईशान से कहा था कि उनके दादा सुंदर लगते हैं और उनका चेहरा चमकता है। इस दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईशान अपने जीवन के बड़े फैसलों में पूरी तरह स्वतंत्र हैं और भविष्य में यदि वह शादी का फैसला करेंगे तो परिवार उनका सम्मान करेगा।

ईशान की शादी में परिवार का पूरा समर्थन
अनुराग पांडे ने कहा कि परिवार की परंपरा रही है कि बच्चे अपने जीवन से जुड़े फैसले खुद लें। उनके बड़े भाई ने भी अपनी पसंद से विवाह किया और पूरे परिवार ने उसका समर्थन किया। यही परंपरा आगे भी जारी रहेगी, और बच्चों की खुशी और उनकी पसंद को हमेशा प्राथमिकता दी जाएगी। ईशान किशन की शादी को लेकर यह बयान फैंस के लिए एक बड़ा संकेत माना जा रहा है कि जल्द ही उनके जीवन में यह खुशखबरी आ सकती है।
अदिति कौन हैं और फैंस की उम्मीदें
अदिति जयपुर की रहने वाली हैं और मॉडलिंग करती हैं। उन्होंने मिस इंडिया प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया था। इस बीच ईशान किशन पूरी तरह से T20 वर्ल्ड कप में व्यस्त हैं। उन्होंने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है। USA के खिलाफ उनका बल्ला शांत रहा, लेकिन नामीबिया के खिलाफ उन्होंने महज 24 गेंदों पर 60 रन बनाकर तूफानी पारी खेली। फैंस की उम्मीद है कि वह 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान मैच में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करेंगे।

