स्मार्ट चश्मों की दुनिया में इस समय जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। अब तक इस सेगमेंट में मेटा का दबदबा बना हुआ था लेकिन हालात तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक गूगल ने लग्जरी फैशन ब्रांड Gucci के साथ बड़ी साझेदारी की है। इस डील के तहत दोनों कंपनियां मिलकर प्रीमियम Android XR आधारित स्मार्ट चश्मे तैयार करेंगी। खास बात यह है कि इन चश्मों को रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए डिजाइन किया जाएगा ताकि यूजर्स इन्हें पूरे दिन आराम से पहन सकें।
टेक्नोलॉजी और फैशन का अनोखा संगम देखने को मिलेगा
इस पार्टनरशिप में गूगल अपनी एडवांस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करेगी जबकि Gucci अपने शानदार डिजाइन और स्टाइल का तड़का लगाएगी। कंपनी का मकसद ऐसा प्रोडक्ट बनाना है जो देखने में बिल्कुल फैशन एक्सेसरी जैसा लगे न कि कोई भारी टेक गैजेट। माना जा रहा है कि इन स्मार्ट चश्मों में प्रीमियम फ्रेम और बेहतरीन फिनिशिंग देखने को मिलेगी। इससे गूगल सीधे तौर पर मेटा और ऐप्पल को चुनौती देने की तैयारी में है। यह कदम स्मार्ट वियरेबल्स को नए स्तर पर ले जाने वाला साबित हो सकता है।

ऐप्पल के ट्रेंड ने बढ़ाई रेस की रफ्तार
दरअसल कुछ साल पहले ऐप्पल ने अपनी प्रीमियम वॉच के लिए Hermès के साथ साझेदारी कर एक नया ट्रेंड शुरू किया था। अब वही ट्रेंड टेक इंडस्ट्री में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। कंपनियां अब सिर्फ गैजेट नहीं बल्कि स्टाइल स्टेटमेंट बनाना चाहती हैं। खबरें यह भी हैं कि मेटा भी इस रेस में पीछे नहीं रहना चाहती और वह Prada जैसे बड़े फैशन ब्रांड के साथ हाथ मिला सकती है। ऐसे में आने वाले समय में टेक और फैशन का यह मेल और भी दिलचस्प होने वाला है।
दो वर्जन में आएंगे गूगल के स्मार्ट चश्मे और लॉन्च टाइमलाइन
गूगल अपने स्मार्ट चश्मों को दो अलग वर्जन में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। पहला वर्जन बेसिक होगा जिसमें ऑडियो और कैमरा आधारित फीचर्स मिलेंगे। इसमें यूजर्स एआई असिस्टेंट का इस्तेमाल कर सकेंगे और फोटो वीडियो भी कैप्चर कर पाएंगे। खास बात यह है कि इसमें डिस्प्ले नहीं होगा। वहीं दूसरा वर्जन ज्यादा एडवांस होगा जिसमें इन लेंस डिस्प्ले दिया जाएगा और यह लगभग एक स्मार्टफोन जैसा काम करेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक पहला वर्जन इसी साल के अंत तक लॉन्च हो सकता है जबकि Gucci ब्रांडेड प्रीमियम वर्जन के लिए अगले साल तक इंतजार करना पड़ सकता है।

