Tamil Nadu News(Pockets news): तमिलनाडु में पढ़ाई कर रहे कॉलेज के छात्रों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने विद्यार्थियों को मुफ्त लैपटॉप देने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री विजय की अध्यक्षता वाली सरकार ने Vetri Laptop Scheme को लागू करने का आदेश जारी कर दिया है। इस योजना के लिए सरकार ने 2000 करोड़ रुपये का बजट भी मंजूर किया है। इससे सरकारी और राज्य सरकार से सहायता पाने वाले शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
आज के समय में पढ़ाई का तरीका काफी बदल गया है। कॉलेज से लेकर वोकेशनल कोर्स तक में छात्रों को कई काम ऑनलाइन करने पड़ते हैं। पढ़ाई से जुड़ी जानकारी जुटाने से लेकर प्रोजेक्ट बनाने और ऑनलाइन क्लास करने तक लैपटॉप की जरूरत पड़ती है। लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई छात्र अपनी पढ़ाई के लिए लैपटॉप नहीं खरीद पाते हैं। ऐसे में सरकार की यह पहल उनके लिए काफी मददगार साबित हो सकती है।
तमिलनाडु बजट 2026-27 में इस योजना की घोषणा की गई थी। अब इसे जमीन पर उतारने के लिए सरकार ने आदेश जारी कर दिया है। योजना को सही तरीके से लागू करने और इससे जुड़े जरूरी कामों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति भी बनाई गई है।
सरकार का मकसद छात्रों को डिजिटल पढ़ाई से जोड़ना और उन्हें तकनीक के मामले में आगे बढ़ने का मौका देना है। मुफ्त लैपटॉप मिलने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई करने और अपने कोर्स से जुड़ी जानकारी हासिल करने में आसानी होगी।
हालांकि अभी योजना के तहत किन छात्रों को पहले लैपटॉप दिया जाएगा और इसके लिए आवेदन कैसे करना होगा इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। पात्रता से जुड़ी शर्तों और वितरण की तारीख को लेकर भी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
फिलहाल 2000 करोड़ रुपये की मंजूरी और योजना लागू करने के आदेश के बाद तमिलनाडु के छात्रों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब सभी की नजर सरकार की ओर से जारी होने वाली अगली जानकारी पर रहेगी।

