back to top
Monday, July 20, 2026
Homeमनोरंजनप्रणित मोरे विवाद पर भड़के कॉमेडियन सुनील पाल, बोले- 'ऐसे लोग समाज...

प्रणित मोरे विवाद पर भड़के कॉमेडियन सुनील पाल, बोले- ‘ऐसे लोग समाज के आतंकवादी, कॉमेडी के नाम पर कलंक’

मुंबई। स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में हुए विवादित बयानों को लेकर देशभर में चर्चा जारी है। अब इस मामले पर मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कॉमेडी के नाम पर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री परोसने वाले कलाकारों की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें “समाज का आतंकवादी” और “कॉमेडी के नाम पर कलंक” तक बता दिया।

दरअसल, हाल ही में प्रणित मोरे के एक लाइव शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक द्वारा ‘370 रुपये की बिरयानी’ को लेकर महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। वहीं, शो में मौजूद एक मेडिकल छात्रा ने भी शवों के अंगों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इन बयानों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई।

इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील पाल ने कहा कि कुछ लोग कॉमेडी के नाम पर युवाओं के बीच अश्लीलता और गलत सोच को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कलाकार अपनी लोकप्रियता तो बढ़ा लेते हैं, लेकिन समाज और देश के युवाओं को गलत दिशा में ले जाने का काम कर रहे हैं।

सुनील पाल ने कार्यक्रम आयोजित करने वाले वेन्यू और आयोजकों से भी सख्त नियम लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, वहां स्पष्ट नियम होने चाहिए कि गाली-गलौज, अश्लील भाषा और अभद्र टिप्पणियों को मंच पर अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ऐसे विवादित कंटेंट बनाने वाले लोगों को बड़े टीवी शोज और मनोरंजन मंचों पर मौका क्यों दिया जाता है, जबकि स्वच्छ और पारिवारिक कॉमेडी करने वाले कलाकारों को पर्याप्त अवसर नहीं मिलते। सुनील पाल के अनुसार, यदि अच्छी और सकारात्मक कॉमेडी को बढ़ावा नहीं दिया गया तो भविष्य में मनोरंजन जगत में अश्लीलता का चलन और बढ़ सकता है।

उधर, इस मामले में महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और मेडिकल छात्रा सेजल पवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित लोगों को समन जारी किया है और मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल यह विवाद सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है, जहां अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक जिम्मेदारी के बीच संतुलन को लेकर बहस तेज हो गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments