गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने दो गांवों में करीब 5.7 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद अवैध कॉलोनी बसाने वालों में हड़कंप मच गया।
पिछौरा में 3000 वर्ग मीटर प्लाटिंग ध्वस्त
GDA की प्रवर्तन टीम अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप के नेतृत्व में सबसे पहले ग्राम पिछौरा पहुंची। यहां उमेश शुक्ला और रामू शुक्ला की ओर से करीब 3000 वर्ग मीटर जमीन पर प्लाटिंग की जा रही थी।
प्राधिकरण की टीम ने प्लाटिंग से संबंधित तलपट मानचित्र और जरूरी दस्तावेज मांगे। मौके पर कोई वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
बेतुआ उर्फ चनऊ में भी चला बुलडोजर
इसके बाद GDA की टीम बेतुआ उर्फ चनऊ पहुंची। यहां करीब 20 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अवैध तरीके से कॉलोनी बसाने का काम चल रहा था।
जांच के दौरान यहां भी प्लाटिंग से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।

बिना स्वीकृत लेआउट प्लाटिंग पर सख्ती
GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत लेआउट के किसी भी तरह की प्लाटिंग या नियोजन पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण का अभियान लगातार जारी रहेगा।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर और आसपास के क्षेत्रों में अनधिकृत कॉलोनियों के विस्तार पर रोक लगाना है।
कार्रवाई से मचा हड़कंप
एक ही दिन में दो गांवों में बड़ी कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया। GDA की टीम अब ऐसे अन्य क्षेत्रों पर भी नजर रख रही है, जहां बिना स्वीकृति के जमीन विकसित कर प्लाट बेचने की गतिविधियां चल रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रवर्तन टीम रही मौजूद
कार्रवाई के दौरान GDA की प्रवर्तन टीम में सहायक अभियंता धर्मेश, अवर अभियंता प्रभात कुमार, राकेश कुमार और संदीप सोनी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
टीम ने मौके पर अवैध निर्माण और प्लाटिंग से संबंधित स्थिति का निरीक्षण भी किया।
गोरखपुर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ GDA की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि बिना स्वीकृत लेआउट के कॉलोनी विकसित करना आसान नहीं होगा। दो गांवों में 5.7 एकड़ क्षेत्र में हुई कार्रवाई के बाद अब निगाह इस बात पर है कि प्राधिकरण आगे किन इलाकों में इसी तरह का अभियान चलाता है।

