आजकल हर स्मार्टफोन यूजर के लिए स्टोरेज की कमी एक आम समस्या बन गई है। चाहे आप कितना ही बड़ा स्टोरेज वाला फोन लें, कुछ समय बाद यह भर जाता है। फोटो, वीडियो और जरूरी फाइल्स को डिलीट करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। ऐसे में ज्यादातर लोग ऐप्स डिलीट कर स्टोरेज फ्री करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऐप डिलीट किए बिना भी स्टोरेज खाली किया जा सकता है। इसके लिए कुछ स्मार्ट तरीके अपनाए जा सकते हैं, जिनसे आप फोन की परफॉर्मेंस बनाए रखते हुए स्पेस बचा सकते हैं।
ऐप्स को ऑटोमैटिकली आर्काइव करें
स्टोरेज फ्री करने का सबसे आसान तरीका है ऐप्स को डिलीट करने की बजाय आर्काइव करना। इसके फायदे यह हैं कि आपकी ऐप्स की प्रोग्रेस और डेटा सुरक्षित रहते हैं और जरूरत पड़ने पर दोबारा डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ती। इसके लिए गूगल प्ले स्टोर की सेटिंग में जाकर ऑटोमैटिकली आर्काइव ऐप्स फीचर को ऑन किया जा सकता है। जब भी फोन में स्टोरेज कम होगी, सिस्टम अपने आप उन ऐप्स को आर्काइव कर देगा जिन्हें आप सबसे कम इस्तेमाल करते हैं।

सेटिंग को इनेबल करने का तरीका
ऐप्स को ऑटोमैटिकली आर्काइव करने के लिए सबसे पहले प्ले स्टोर ओपन करें। स्क्रीन के ऊपर दाईं ओर दिख रहे प्रोफाइल आइकन पर टैप करें और सेटिंग में जाएं। अब जनरल सेक्शन में जाकर “ऑटोमैटिकली आर्काइव ऐप्स” विकल्प को ऑन कर दें। इसके बाद फोन अपने आप कम इस्तेमाल होने वाले ऐप्स को आर्काइव कर देगा। जब आपको किसी ऐप की जरूरत होगी, तो आप उसे दोबारा डाउनलोड कर सकते हैं और आपका पुराना डेटा और प्रोग्रेस तुरंत रिस्टोर हो जाएगा।
Cached Data क्लियर कर स्टोरेज बचाएं
आर्काइविंग के अलावा ऐप्स के Cached Data को क्लियर करना भी स्टोरेज बचाने का असरदार तरीका है। Cached Data वह अस्थायी फाइल्स होती हैं जो ऐप इस्तेमाल के दौरान स्टोर करता है। इन्हें हटाने से स्पेस तुरंत फ्री हो जाता है। इसके लिए हर ऐप की सेटिंग में जाकर “Clear Cache” विकल्प का उपयोग करें। अगर आपके फोन में यह ऑप्शन नहीं है, तो थर्ड-पार्टी ऐप्स की मदद से भी Cached Data को क्लियर किया जा सकता है। इसे नियमित रूप से करते रहने से आपका फोन स्मूद और तेज़ चलता रहेगा।

