UTTAR PARDESH NEWS(Pockets news): समाजवादी पार्टी के दलित महासम्मेलन से पहले आगरा में सियासी माहौल गरमा गया है। शहर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ कुछ विवादित होर्डिंग लगाए गए। इन होर्डिंग को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने मौके पर पहुंचकर पोस्टर फाड़ दिए। इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक आगरा में समाजवादी पार्टी का दलित महासम्मेलन होने वाला है। इससे पहले शहर के कुछ इलाकों में ऐसे होर्डिंग लगाए गए जिनमें अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के पुराने बयानों का जिक्र किया गया था। इन बयानों को आधार बनाकर अखिलेश यादव को निशाने पर लिया गया था। हालांकि इन होर्डिंग को किसने लगवाया था इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
होर्डिंग की जानकारी मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और उन्होंने विरोध जताते हुए पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने अपनी नाराजगी भी जाहिर की। बताया जा रहा है कि होर्डिंग हटाने के दौरान कई सपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आया है। वायरल वीडियो में रिंकू यादव विपिन आशु और राघवेंद्र ठाकुर समेत कई सपा कार्यकर्ता दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कार्यकर्ता विवादित होर्डिंग को फाड़ते नजर आ रहे हैं।
दलित महासम्मेलन से ठीक पहले इस तरह के पोस्टर लगाए जाने से शहर की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। एक तरफ समाजवादी पार्टी अपने सम्मेलन की तैयारियों में जुटी है तो दूसरी तरफ अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए इन होर्डिंग ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
फिलहाल इस मामले में होर्डिंग लगवाने वालों की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। आने वाले समय में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।

