UTTAR PARDESH NEWS(Pockets news): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अभी से राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर फरवरी और मार्च 2027 में चुनाव होने की संभावना है। इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प रहने वाला है क्योंकि एक तरफ बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश करेगी तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी अपनी पिछली जीत से आगे बढ़कर सत्ता में वापसी का सपना देख रही है।
अगर पिछले चुनावों के नतीजों पर नजर डालें तो यूपी की राजनीति में काफी बदलाव देखने को मिला है। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 312 सीटों पर जीत हासिल की थी। उस समय पार्टी ने प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी और योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
इसके बाद 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने एक बार फिर सत्ता में वापसी की लेकिन इस बार उसकी सीटें घटकर 255 रह गईं। वहीं समाजवादी पार्टी ने पहले के मुकाबले काफी अच्छा प्रदर्शन किया और 111 सीटों पर जीत दर्ज की। 2017 में सपा को सिर्फ 47 सीटें मिली थीं। कांग्रेस के खाते में 2 सीटें आईं जबकि बहुजन समाज पार्टी केवल एक सीट जीत पाई। अपना दल एस को 12 और आरएलडी को 8 सीटें मिली थीं।
इससे पहले साल 2012 में समाजवादी पार्टी ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई थी। अखिलेश यादव ने 2012 से 2017 तक मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की कमान संभाली थी। वहीं 2007 के चुनाव में बहुजन समाज पार्टी को बड़ी जीत मिली थी और मायावती मुख्यमंत्री बनी थीं। उनकी सरकार 2012 तक चली थी।
अब 2027 के चुनाव में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या योगी आदित्यनाथ लगातार तीसरी बार बीजेपी को जीत दिला पाएंगे या अखिलेश यादव की अगुवाई में समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी करेगी। फिलहाल सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारी में जुटने वाले हैं और आने वाले दिनों में यूपी की सियासत में कई नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।

