DELHI NEWS (Pockets news): दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को होने वाली रैली को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इस रैली में चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया को लेकर विरोध जताया जाएगा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। हालांकि रैली से पहले ही विपक्षी एकता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं क्योंकि कई बड़ी पार्टियां इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होने वाली हैं।
जानकारी के मुताबिक आम आदमी पार्टी DMK BJD और AIMIM ने इस रैली से दूरी बना ली है। इन चारों दलों के शामिल नहीं होने से विपक्ष के इस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। वहीं तमिलनाडु की पार्टी TVK के रुख को लेकर अभी भी तस्वीर साफ नहीं है।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच दिल्ली चुनाव के बाद से ही दूरी देखने को मिल रही है। दोनों पार्टियों के बीच पहले जैसा तालमेल नहीं रह गया है। पंजाब में भी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक दूसरे के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में आप का इस रैली से दूर रहना कोई बड़ी हैरानी की बात नहीं मानी जा रही है।
दूसरी तरफ DMK और कांग्रेस के बीच भी तमिलनाडु की राजनीति में कुछ मुद्दों को लेकर खींचतान चल रही है। वहीं BJD और AIMIM ने भी इस प्रदर्शन में शामिल होने से दूरी बनाई है। TVK को लेकर कहा जा रहा है कि नई राजनीतिक ताकत के रूप में उभरने के बाद वह केंद्र सरकार के साथ किसी तरह का टकराव नहीं चाहती है। हालांकि पार्टी की तरफ से रैली में शामिल होने को लेकर स्थिति साफ नहीं हुई है।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के शामिल होने की संभावना है। TMC की तरफ से डेरेक ओ ब्रायन ममता बनर्जी के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंच सकते हैं। समाजवादी पार्टी की तरफ से प्रतिनिधि और RJD नेता तेजस्वी यादव भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। झारखंड से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आने की भी संभावना जताई जा रही है।
विपक्ष का आरोप है कि SIR के दौरान कई जगह पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गलत तरीके से हटाए गए हैं। चुनाव आयोग ने इन शिकायतों पर ठीक से कार्रवाई नहीं की। हालांकि चुनाव आयोग अपने फैसलों को कानूनी आधार पर सही बता रहा है। वहीं बीजेपी ने विपक्ष के इस प्रदर्शन की आलोचना की है। अब देखना होगा कि रामलीला मैदान की यह रैली विपक्षी एकता को कितनी मजबूती दे पाती है।

