बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्रायोरिटी कॉरिडोर का विस्तार करते हुए मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मलाही पकड़ी स्टेशन से भूतनाथ रोड स्टेशन तक मेट्रो में सफर कर नई सेवा का शुभारंभ किया। इससे राजधानी पटना के पूर्वी हिस्से में रहने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
अब मलाही पकड़ी से सीधे न्यू आईएसबीटी तक सफर
इससे पहले पटना मेट्रो का संचालन न्यू आईएसबीटी, जीरो माइल और भूतनाथ स्टेशन के बीच हो रहा था। अब मलाही पकड़ी स्टेशन जुड़ने के बाद यात्री सीधे न्यू आईएसबीटी तक यात्रा कर सकेंगे। सेवा विस्तार के साथ प्रायोरिटी कॉरिडोर की लंबाई बढ़कर करीब 6.2 किलोमीटर हो गई है, जिसे मेट्रो लगभग 15 मिनट में पूरा करेगी।

किराया और संचालन का समय
न्यू आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक यात्रा का अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि भूतनाथ स्टेशन तक जाने वाले यात्रियों को 15 रुपये का किराया देना होगा। गुरुवार को आम यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा शाम 4 बजे से शुरू हुई। नियमित रूप से मेट्रो का संचालन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किया जाएगा।
पटना जंक्शन तक होगा अगला विस्तार
पटना मेट्रो परियोजना का अगला चरण पटना जंक्शन तक विस्तारित किया जाएगा। इस रूट में मोइन-उल-हक स्टेडियम, राजेंद्र नगर, पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच, गांधी मैदान, आकाशवाणी और पटना जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल होंगे। इसके अलावा खेमनी चक स्टेशन समेत अन्य निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहे हैं, ताकि परियोजना को तय समय सीमा में पूरा किया जा सके।

