मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को कथित तौर पर लिखे गए वायरल पत्र को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित इस कथित पत्र में दावा किया गया था कि मंत्री ने पिछले ढाई वर्षों से असहयोग, उपेक्षा और विरोध का सामना करने की बात लिखी है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विजयवर्गीय ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने ऐसा कोई पत्र नहीं लिखा है।
खबर प्रकाशित करने वालों से पूछा सवाल
कैलाश विजयवर्गीय ने इस मामले में मीडिया रिपोर्टों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिन्होंने इस तरह की खबर प्रकाशित की है, उनसे पूछा जाना चाहिए कि यह जानकारी किस आधार पर प्रकाशित की गई। उन्होंने संकेत दिया कि वायरल पत्र और उससे जुड़ी खबरों की सत्यता की जांच होनी चाहिए।

दौसा बस हादसे पर जताया दुख
राजस्थान के दौसा जिले में हुए भीषण बस हादसे पर भी कैलाश विजयवर्गीय ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हादसे में घायल लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री हालात पर रखे हुए हैं नजर
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव भी इस हादसे से बेहद दुखी हैं और पूरे घटनाक्रम की लगातार जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है और प्रशासन राहत एवं सहायता कार्यों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

