बिहार में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। शुक्रवार को जारी नई सूची में पार्टी ने कई वरिष्ठ और नए नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस बदलाव को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नई टीम में उपाध्यक्ष, महामंत्री और मोर्चा अध्यक्षों के नाम शामिल किए गए हैं।
14 उपाध्यक्ष और कई पदों पर नई नियुक्तियां
जारी सूची के अनुसार 14 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है, जिनमें पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल का नाम सबसे ऊपर है। इसके अलावा राकेश कुमार, संतोष पाठक, मनोज कुमार सिंह और अन्य कई नेताओं को भी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही 5 महामंत्री, 14 प्रदेश मंत्री और 3 कोषाध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है।

मोर्चा अध्यक्षों में भी बड़ा बदलाव
बीजेपी ने अपने विभिन्न मोर्चों में भी बड़े बदलाव किए हैं। महिला मोर्चा की अध्यक्ष अब विधायक निशा सिंह को बनाया गया है। युवा मोर्चा की कमान जितेंद्र सिंह को दी गई है। किसान मोर्चा की जिम्मेदारी राम सुमिरन सिंह को सौंपी गई है। वहीं ओबीसी मोर्चा की कमान प्रमोद चंद्रवंशी को दी गई है। अनुसूचित जाति और जनजाति मोर्चा में भी नई नियुक्तियां की गई हैं।
संगठनात्मक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा बदलाव
पार्टी के इस बड़े फेरबदल को आगामी चुनावों की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। बीजेपी नेतृत्व का मानना है कि नए चेहरों को जिम्मेदारी देकर संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाया जा सकता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर यह पूरी सूची तैयार की गई है, जिससे संगठन में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है।

