back to top
Monday, April 20, 2026
HomeखेलT20 World Cup 2026 में टूटेगा बड़ा रिकॉर्ड? आज तक कोई भारतीय...

T20 World Cup 2026 में टूटेगा बड़ा रिकॉर्ड? आज तक कोई भारतीय गेंदबाज नहीं ले सका हैट्रिक

क्रिकेट का सबसे बड़ा महाकुंभ कहे जाने वाला T20 World Cup 2026 इस बार भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। आईसीसी पहले ही टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी कर चुकी है और कई टीमों ने अपने-अपने स्क्वॉड की घोषणा भी कर दी है। इस बार कुल 20 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी, जिससे मुकाबले और भी ज्यादा प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है। भारतीय फैंस के लिए यह टूर्नामेंट इसलिए भी खास है क्योंकि मैच घरेलू परिस्थितियों में खेले जाएंगे। भारत में क्रिकेट को लेकर दीवानगी किसी से छिपी नहीं है, ऐसे में स्टेडियमों में खचाखच भीड़ और जबरदस्त माहौल देखने को मिलेगा।

T20 World Cup में अब तक भारतीय गेंदबाज का हैट्रिक का सूखा

T20 World Cup के इतिहास में अब तक 9 संस्करण खेले जा चुके हैं और 2026 में इसका 10वां संस्करण होगा। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े मंच पर अब तक कोई भी भारतीय गेंदबाज हैट्रिक नहीं ले सका है। भारत जैसे मजबूत गेंदबाजी आक्रमण वाली टीम के लिए यह आंकड़ा चौंकाने वाला है। हालांकि इस बार भारतीय टीम में कई ऐसे गेंदबाज शामिल हैं, जिनमें यह करिश्मा करने की पूरी क्षमता है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह नई गेंद से विकेट निकालने में माहिर हैं, वहीं मध्य ओवरों में कुलदीप यादव और अक्षर पटेल जैसे स्पिनर बल्लेबाजों को फंसाने का दम रखते हैं। इसके अलावा हालिया प्रदर्शन से सबको प्रभावित करने वाले वरुण चक्रवर्ती भी मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं।

अब तक आठ गेंदबाजों ने लिया है टी20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक

T20 World Cup के इतिहास में अब तक कुल आठ गेंदबाज हैट्रिक लेने में सफल रहे हैं। इस सूची में ब्रेट ली, कर्टिस कैंफर, वानिंदु हसरंगा, कागिसो रबाडा, कार्तिक मियप्पन, जोश लिटिल, पैट कमिंस और क्रिस जॉर्डन का नाम शामिल है। इनमें खास बात यह है कि पैट कमिंस इकलौते ऐसे गेंदबाज हैं जिन्होंने T20 World Cup में दो बार हैट्रिक ली है। इसके अलावा कोई भी गेंदबाज इस उपलब्धि को दोहराने में सफल नहीं हो पाया है। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि 2026 में कोई भारतीय गेंदबाज इस खास सूची में अपना नाम दर्ज कराएगा और देश का यह लंबा इंतजार खत्म होगा।

टी20 वर्ल्ड कप में भारत का गौरवशाली इतिहास

भारतीय टीम अब तक दो बार T20 World Cup का खिताब जीत चुकी है। साल 2007 में पहली बार आयोजित हुए टी20 वर्ल्ड कप में एमएस धोनी की कप्तानी में भारत ने पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसके बाद 2024 में भारत ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता। अब 2026 में टीम इंडिया की नजर न सिर्फ तीसरी बार चैंपियन बनने पर होगी, बल्कि एक और रिकॉर्ड बनाने पर भी होगी—टी20 वर्ल्ड कप में पहली भारतीय हैट्रिक। अगर ऐसा होता है, तो यह पल भारतीय क्रिकेट इतिहास में हमेशा के लिए यादगार बन जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments