Uttarakhand News: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात बेहद चिंताजनक बना दिए हैं। रुद्रप्रयाग में दुर्घटनाग्रस्त हुई एक बस का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। गोताखोरों का कहना है कि नदी में बहाव तेज़ है और पानी इतना कीचड़भरा है कि कुछ दिखाई नहीं देता। आठ लापता लोगों की तलाश फिलहाल अधूरी है। मलबा न मिलने से परिजन भी परेशान हैं और राहत टीमें असमंजस में।
बद्रीनाथ हाईवे बंद, सफर बना खतरनाक
चमोली पुलिस ने जानकारी दी है कि बद्रीनाथ नेशनल हाईवे कई जगहों पर बंद कर दिया गया है। नंदप्रयाग और भनेरपानी के पास रास्ता पूरी तरह से बाधित हो चुका है। बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन और पत्थरों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोक निर्माण विभाग लगातार मलबा हटाने में लगा है लेकिन मौसम के मिजाज को देखते हुए इसमें समय लग सकता है।
मौसम विभाग का अलर्ट: चार दिन तक भारी बारिश का कहर
देहरादून मौसम केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया है कि उत्तराखंड के कई जिलों में अगले चार दिन तक भारी बारिश का अनुमान है। चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। नैनीताल के कुछ हिस्सों में भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है।
https://twitter.com/i/status/1938758820865392736
चारधाम यात्रियों को दी गई सावधानी की सलाह
चारधाम यात्रा पर निकले यात्रियों को मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। पहाड़ी इलाकों में जलभराव और भूस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है। इस बार मानसून सामान्य समय से पहले 21 जून को उत्तराखंड पहुंच गया था। इसके बाद से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है और विशेषज्ञों के अनुसार इस बार 10 से 15 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो सकती है।
हिमाचल में बादल फटने से तबाही, छह लोगों की मौत
केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश भी बारिश की मार झेल रहा है। बुधवार को कांगड़ा जिले में अचानक आई बाढ़ ने कई लोगों को चपेट में ले लिया। राहत टीमों ने अब तक छह शव बरामद किए हैं जबकि कुल्लू के रहाला बिहाल क्षेत्र में बादल फटने के बाद तीन लोग लापता हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में हिमाचल और उत्तराखंड समेत 14 राज्यों में भारी बारिश की संभावना है।

