बिहार के बगहा पुलिस जिले के चौतरवा थाना क्षेत्र स्थित कोल्हुआ चौतरवा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अंदर 18 वर्षीय सुनीता देवी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर चौतरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य भी जुटाए।
मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका के मामा मुन्ना बैठा ने आरोप लगाया कि सुनीता की शादी 21 अप्रैल 2026 को कोल्हुआ चौतरवा निवासी दीपू बैठा से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उनका आरोप है कि सुनीता की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटका दिया गया ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पति से पुलिस कर रही पूछताछ
मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति दीपू बैठा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चौतरवा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और फोरेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।

