Shubhaman-KL Rahul: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ का पहला मुकाबला 20 जून से शुरू होने वाला है। इस बार टीम इंडिया की कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में है और ऋषभ पंत को उपकप्तान बनाया गया है। सीरीज़ से पहले भारत की सीनियर टीम ने इंडिया-ए के खिलाफ एक इंट्रा-स्क्वाड मैच खेला।
गिल और राहुल ने जमाया अर्धशतक
बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि शुभमन गिल और केएल राहुल ने इस मैच में अर्धशतक जमाया है। शुभमन गिल के लिए यह सीरीज़ बहुत अहम है क्योंकि विदेशी ज़मीन पर उनका प्रदर्शन अब तक खास नहीं रहा है। अब वह कप्तान भी हैं तो जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
https://twitter.com/BCCI/status/1933582275452584164
विदेशी सरजमीं पर गिल की अग्निपरीक्षा
शुभमन गिल के पास इस बार खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है क्योंकि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ी टीम में नहीं हैं। गिल ने अब तक इंग्लैंड के खिलाफ 10 टेस्ट मैचों में 592 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।
केएल राहुल का इंग्लैंड में शानदार रिकॉर्ड
केएल राहुल के लिए भी यह सीरीज़ खास है। उन्होंने इंडिया-ए के लिए हाल ही में 116 रनों की पारी खेली थी और अब इंट्रा-स्क्वाड में भी अर्धशतक लगाया है। वह इंग्लैंड की परिस्थितियों से वाकिफ हैं और उनके नाम इंग्लैंड के खिलाफ 955 रन दर्ज हैं जिसमें तीन शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।
विमान हादसे के पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि
मैच शुरू होने से पहले अहमदाबाद विमान हादसे के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई। खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ ने एक मिनट का मौन रखा और सभी ने अपनी बांह पर काली पट्टी बांधी थी। यह दृश्य खिलाड़ियों की संवेदनशीलता और एकजुटता को दर्शाता है।

