बॉलीवुड में इस समय रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का ट्रेलर सबसे ज्यादा चर्चा में है। पहले खबर थी कि ट्रेलर होली के दिन रिलीज होगा, फिर अपडेट आया कि एक दिन पहले आएगा। अब बॉलीवुड हंगामा की ताजा रिपोर्ट में बताया गया कि ट्रेलर की रिलीज डेट में आखिरी मिनट में बदलाव हुआ है। इस बदलाव के पीछे की वजह भी काफी हैरान करने वाली मानी जा रही है।
चंद्र ग्रहण ने बदली ट्रेलर रिलीज की योजना
सूत्रों के अनुसार, पहले ट्रेलर 3 मार्च को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लॉन्च किया जाना था। फैंस बेसब्री से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। लेकिन अचानक जियो स्टूडियोज ने इसे स्थगित कर दिया। वजह चंद्र ग्रहण बताई जा रही है। ग्रहण का समय सुबह 9:39 बजे से शाम 6:46 बजे तक था। चूंकि ट्रेलर आम तौर पर दोपहर में लॉन्च होते हैं, जो ग्रहण के सूतक काल में आता, इसलिए मेकर्स ने किसी भी नकारात्मक प्रभाव से बचने के लिए रिलीज को टालने का फैसला किया।

NMACC इवेंट से डिजिटल लॉन्च तक का सफर
ट्रेलर लॉन्च में यह पहला बदलाव नहीं है। फरवरी में खबरें आईं कि मेकर्स मुंबई के नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में बड़ा रेड कार्पेट इवेंट करेंगे। लेकिन बाद में इस इवेंट को कैंसिल कर टीम ने सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 3 मार्च को रिलीज करने का निर्णय लिया। अब चंद्र ग्रहण के कारण इसे स्थगित कर 5 मार्च को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि सटीक तारीख पर अभी सस्पेंस बरकरार है।
बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला ‘टॉक्सिक’ के साथ
‘धुरंधर: द रिवेंज’ की कहानी एक भारतीय जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पाकिस्तान के आपराधिक और राजनीतिक तंत्र में घुसपैठ करता है। इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, संजय दत्त, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल नजर आएंगे। बॉक्स ऑफिस पर असली मुकाबला यश की ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ से होगा। ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर 8 मार्च को बेंगलुरु में भव्य समारोह में लॉन्च होगा। ऐसे में दोनों फिल्मों की रिलीज और ट्रेलर रणनीति पर फैंस की नजरें लगी हुई हैं।

