पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (Pakistan Cricket Board) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (Board of Control for Cricket in India) के बीच क्रिकेट लीग्स की प्रतिस्पर्धा एक बार फिर चर्चा में है। इस बार विवाद का केंद्र पाकिस्तान सुपर लीग और इंडियन प्रीमियर लीग के बीच खिलाड़ियों के चयन और प्राथमिकता को लेकर सामने आया है। पीएसएल 2026 से जुड़े घटनाक्रमों ने एक बार फिर दोनों लीग्स की ग्लोबल अपील और खिलाड़ियों की प्राथमिकताओं पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
ब्लेसिंग मुजरबानी के फैसले से शुरू हुआ विवाद
इस पूरे मामले की शुरुआत जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज Blessing Muzarabani के फैसले से हुई। उन्हें शुरुआत में आईपीएल और पीएसएल दोनों की नीलामी में जगह नहीं मिली थी, लेकिन बाद में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने उन्हें पीएसएल 2026 के लिए रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर साइन किया। हालांकि आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से मौका मिलने के बाद उन्होंने पीएसएल छोड़कर आईपीएल में खेलने का फैसला किया, जिससे पीसीबी नाराज हो गया और मामला तूल पकड़ गया।

आईपीएल को प्राथमिकता देने पर सख्त कार्रवाई
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी ने इस फैसले को गंभीरता से लेते हुए ब्लेसिंग मुजरबानी पर पीएसएल से दो साल का बैन लगाने का निर्णय लिया है। इससे पहले भी इसी तरह के मामले में साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी कॉर्बिन बॉश पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था, जब उन्होंने बीच सीजन पीएसएल छोड़कर आईपीएल का रुख किया था। इस कार्रवाई को लेकर क्रिकेट जगत में बहस तेज हो गई है कि क्या खिलाड़ियों को लीग चुनने की स्वतंत्रता होनी चाहिए या नहीं।
अन्य खिलाड़ियों पर भी कार्रवाई की आशंका
इस विवाद में केवल मुजरबानी ही नहीं बल्कि स्पेंसर जॉनसन और दसुन शनाका जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं जिन्होंने आखिरी समय पर पीएसएल छोड़कर आईपीएल का रुख किया। हालांकि इन दोनों खिलाड़ियों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिबंध नहीं लगाया गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक पीसीबी भविष्य में इनके खिलाफ भी सख्त कदम उठा सकता है। इस पूरे घटनाक्रम ने पीएसएल 2026 और आईपीएल के बीच प्रतिस्पर्धा को और अधिक तीखा बना दिया है और आने वाले समय में और बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं।

