डिजिटल दुनिया में ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और अपराधी पहले से कहीं ज्यादा चालाक हो गए हैं। आमतौर पर लोग सभी ऑनलाइन फ्रॉड को फिशिंग कहते हैं, लेकिन इसके कई रूप होते हैं। कुछ लोग ईमेल के जरिए फंसाते हैं, कुछ मैसेज भेजते हैं, और कुछ सीधे फोन कॉल करके शिकार को धोखा देते हैं। इन तरीकों को फिशिंग, स्मिशिंग और विशिंग कहा जाता है। माध्यम अलग हो सकता है, लेकिन उद्देश्य वही रहता है – व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी हासिल करना।
फिशिंग, स्मिशिंग और विशिंग क्या हैं
फिशिंग सबसे सामान्य तरीका है, जो आमतौर पर ईमेल के जरिए किया जाता है। अपराधी ऐसे संदेश भेजते हैं जो बैंक, सरकारी विभाग, ऑनलाइन शॉपिंग साइट या सोशल मीडिया कंपनी से लगते हैं। इन संदेशों में अकाउंट बंद होने, संदिग्ध लेनदेन या केवाईसी अपडेट जैसी बातें होती हैं। लिंक पर क्लिक करने पर यूजर को नकली वेबसाइट पर ले जाया जाता है, जहां पासवर्ड, कार्ड डिटेल्स या अन्य संवेदनशील जानकारी मांगी जाती है।
स्मिशिंग फिशिंग का एक रूप है, लेकिन इसमें ईमेल की बजाय एसएमएस या मैसेजिंग एप का उपयोग होता है। ये संदेश छोटे और आकर्षक होते हैं, जैसे पैकेज अटका है, टोल टैक्स बकाया है, या मुफ्त रीचार्ज का ऑफर। लिंक आधिकारिक लगते हैं, लेकिन नकली होते हैं। विशिंग फोन कॉल के जरिए होता है। अपराधी बैंक अधिकारी, पुलिस या कूरियर एजेंट बनकर कॉल करते हैं और डर या घबराहट पैदा करते हैं। इसके जरिए ओटीपी, पिन या कार्ड नंबर जैसी जानकारी हासिल की जाती है।

तीनों में अंतर और पहचान
तीनों विधियों में मुख्य अंतर माध्यम का है। फिशिंग में ईमेल, स्मिशिंग में मैसेजिंग प्लेटफॉर्म और विशिंग में डायरेक्ट कॉल्स का उपयोग होता है। लेकिन सभी का उद्देश्य एक ही है – आपकी संवेदनशील जानकारी चुराना। लोग अक्सर इन झूठे संदेशों या कॉल पर तुरंत प्रतिक्रिया कर देते हैं, जिससे अपराधियों का काम आसान हो जाता है। इसलिए समय रहते सचेत रहना जरूरी है।
ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय
ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए सबसे महत्वपूर्ण कदम सतर्क रहना है। अगर कोई संदेश या कॉल जल्दी निर्णय लेने के लिए बाध्य करे, डर या लालच दिखाए, तो तुरंत प्रतिक्रिया न दें। कभी भी ओटीपी, पिन, सीवीवी, पासवर्ड या कार्ड डिटेल्स ईमेल, मैसेज या कॉल में साझा न करें। केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप का ही इस्तेमाल करें। अगर कोई बैंक या कंपनी का प्रतिनिधि होने का दावा करे, तो आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर से जानकारी सत्यापित करें। किसी भी संदिग्ध कॉल को तुरंत डिस्कनेक्ट कर दें। धोखाधड़ी का संदेह होने पर तुरंत अपने बैंक को सूचित करें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

