KL Rahul Birthday: KL Rahul को आज भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिना जाता है। वह तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए खेल चुके हैं और हर बार खुद को साबित किया है। मुश्किल हालात में भी वह क्रीज पर टिके रहते हैं और अपनी तकनीक से मैच का रुख पलट सकते हैं। उन्हें टीम में जगह बनाने में थोड़ा समय जरूर लगा लेकिन आज वह एक सफल और सम्मानित खिलाड़ी बन चुके हैं। उनके खेल ने उन्हें एक अलग पहचान दी है।
बचपन से क्रिकेट का जुनून और अंडर-19 से शुरुआत
KL Rahul का जन्म 18 अप्रैल 1992 को बेंगलुरु कर्नाटक में हुआ था। बचपन से ही उन्हें क्रिकेट से लगाव था और साल 2010 में उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम में चुना गया। उसी साल वह अंडर-19 वर्ल्ड कप का भी हिस्सा बने। इसके बाद उन्होंने रणजी ट्रॉफी में कर्नाटक की ओर से 2013-14 में शानदार प्रदर्शन किया। उस सीजन में उन्होंने 1033 रन बनाए जिसमें तीन शतक और नौ अर्धशतक शामिल थे। इसी प्रदर्शन की वजह से आईपीएल में आरसीबी ने उन्हें खरीदा और फिर अगले साल सनराइजर्स हैदराबाद ने एक करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
Journey of a lil boy who became the KL we love 🥹🫶 pic.twitter.com/sadjnIq8JV
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) April 18, 2025
पहले ही वनडे में रचा इतिहास
साल 2016 में राहुल ने वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया और अपने पहले ही मैच में धमाका कर दिया। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 115 गेंदों में 100 रन बनाए जिसमें 7 चौके और एक छक्का शामिल था। खास बात यह रही कि वह नाबाद रहे और यह भारत के लिए डेब्यू पर पहला शतक था। यह रिकॉर्ड आज भी उनके नाम पर कायम है और इसे तोड़ना नामुमकिन सा है क्योंकि अब कोई भी खिलाड़ी ऐसा करेगा तो वह केवल बराबरी करेगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
वनडे डेब्यू के बाद राहुल ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अब तक टेस्ट में 3257 रन बनाए हैं जो 58 मैचों में आए हैं। वनडे में 3043 रन 85 मैचों में और टी20 इंटरनेशनल में 2265 रन 72 मैचों में बनाए हैं। उनके नाम अब तक कुल 17 अंतरराष्ट्रीय शतक दर्ज हैं। उन्होंने भारत के साथ 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती है जो उनके करियर की बड़ी उपलब्धियों में से एक है।
आईपीएल में भी दिखाया दमखम
KL Rahul ने केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं बल्कि आईपीएल में भी अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है। उन्होंने 137 आईपीएल मैचों में 4921 रन बनाए हैं जिसमें चार शतक और 39 अर्धशतक शामिल हैं। इस समय वह दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेल रहे हैं और इस टीम ने उन्हें 14 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनके खेल का स्तर लगातार ऊंचा होता जा रहा है और वह युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन चुके हैं।