गुरुग्राम की साइबर सिटी में अवैध दवा कारोबार के खिलाफ ड्रग कंट्रोलर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झाड़सा गांव स्थित ओम मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। इस दौरान टीम को मौके से भारी मात्रा में एमटीपी (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी) किट और नशे में इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित सिरप बरामद हुए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
बिना लाइसेंस चल रहा था मेडिकल स्टोर, लंबे समय से हो रही थी अवैध बिक्री
जांच में सामने आया कि मेडिकल स्टोर संचालक के पास दवाइयों की बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। इसके बावजूद वह लंबे समय से प्रतिबंधित और संवेदनशील दवाओं की खुलेआम बिक्री कर रहा था। विभागीय टीम ने मौके से कई दवाइयां जब्त कर लीं और रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है।

दस्तावेज नहीं दिखा सका संचालक, अवैध सप्लाई नेटवर्क पर शक गहराया
जब ड्रग कंट्रोल विभाग ने संचालक से खरीद-बिक्री से जुड़े बिल और दस्तावेज मांगे, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इससे अवैध सप्लाई चेन की आशंका और गहरी हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक मेडिकल स्टोर तक सीमित नहीं, बल्कि बड़े नेटवर्क की ओर भी इशारा कर सकता है।
कानून उल्लंघन और स्वास्थ्य से खिलवाड़, कड़ी कार्रवाई के संकेत
ड्रग कंट्रोलर विभाग के अधिकारी मुकेश चौहान ने बताया कि एमटीपी किट का उपयोग केवल पंजीकृत डॉक्टर की सलाह और कानूनी प्रक्रिया के तहत ही किया जा सकता है। बिना प्रिस्क्रिप्शन इसकी बिक्री कानून का गंभीर उल्लंघन है और महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। फिलहाल सभी दवाइयों को सीज कर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।

