India News(Pocketsnews): यूपी चुनाव 2027 को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया मोड़ आ गया है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी कांशीराम ने साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। दोनों नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने की घोषणा की है। इस गठबंधन के तहत उत्तर प्रदेश की 150 से ज्यादा विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है।
इस ऐलान के बाद यूपी की सियासत में हलचल तेज हो गई है। ओवैसी और चंद्रशेखर ने साफ कर दिया है कि उनका मकसद प्रदेश में एक नए राजनीतिक विकल्प को खड़ा करना है। दोनों नेताओं का कहना है कि वे उन लोगों की आवाज बनना चाहते हैं जिन्हें राजनीति में बराबरी का मौका नहीं मिल पा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने कहा कि आज के समय में अब्दुल सबसे बड़ा सियासी मुद्दा बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई बराबरी और हक की है। ओवैसी ने अपने अंदाज में शायरी सुनाकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस को भी अपने सवालों के घेरे में लिया।
ओवैसी ने चंद्रशेखर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कुछ लोगों की रातों की नींद उड़ा रखी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग यह बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं कि आखिर हम उनसे बराबरी की बात कैसे कर सकते हैं। अब उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक चुकी है।
इस गठबंधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी साथ आने का न्योता दिया गया है। यानी दोनों दलों के लिए भी इस नए मोर्चे के दरवाजे खुले रखे गए हैं। अब देखना होगा कि अखिलेश यादव और कांग्रेस इस ऑफर पर क्या रुख अपनाते हैं।
यूपी चुनाव 2027 में इस नए गठबंधन का कितना असर पड़ेगा यह आने वाला वक्त बताएगा। लेकिन 150 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी के साथ ओवैसी और चंद्रशेखर ने प्रदेश की राजनीति में अपनी मौजूदगी का बड़ा संदेश जरूर दे दिया है।

