Covid -19 Case: देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार भारत में सक्रिय मामलों की संख्या लगभग 4000 हो गई है। इसके साथ ही हर दिन मौतों की संख्या भी बढ़ रही है। बीते 24 घंटों में 4 लोगों की मौत हुई है।
दिल्ली और केरल में सबसे ज्यादा केस
स्वास्थ्य मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक 2 जून 2025 तक देश में कोरोना के सक्रिय मामले 3961 हो चुके हैं। दिल्ली में बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा 47 नए मामले मिले हैं जिससे दिल्ली में सक्रिय मामलों की संख्या 483 पहुंच गई है। वहीं देश में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले केरल में हैं जहां 1435 मरीज हैं।
24 घंटे में 203 नए मामले दर्ज
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटों में पूरे देश में 203 नए कोरोना मामले दर्ज हुए जिससे सक्रिय मामलों की संख्या 3961 तक पहुंच गई। जिन राज्यों में पिछले 24 घंटों में केस बढ़े हैं उनमें आंध्र प्रदेश 7 बिहार 3 छत्तीसगढ़ 1 दिल्ली 47 गुजरात 18 जम्मू कश्मीर 2 झारखंड 5 कर्नाटक 15 केरल 35 मध्यप्रदेश 4 महाराष्ट्र 21 ओडिशा 3 राजस्थान 7 सिक्किम 1 उत्तरप्रदेश 8 और पश्चिम बंगाल 44 शामिल हैं।
10 दिन में 1300 प्रतिशत की बढ़ोतरी
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 22 मई 2025 को भारत में कुल 257 सक्रिय कोरोना मामले दर्ज थे लेकिन पिछले 10 दिनों में इन मामलों में लगभग 1300 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। सबसे ज्यादा मामले केरल में हैं जहां 1435 सक्रिय मरीज हैं। महाराष्ट्र में 506 और दिल्ली में 483 सक्रिय मरीज हैं।
चिंता बढ़ा रहे हैं नए आंकड़े
कोरोना के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर देश की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि लोगों को सतर्क रहना चाहिए और मास्क तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्रालय आने वाले दिनों में स्थिति पर नजर रखेगा और जरूरी होने पर नए दिशा निर्देश जारी कर सकता है।