गाजियाबाद के मोदीनगर में भारतीय जनता पार्टी के दो गुटों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद रविवार देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष नितिन मित्तल और दूसरे पक्ष के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो महीने पुराने विवाद से जुड़ा मामला
जानकारी के अनुसार, करीब दो महीने पहले नितिन मित्तल पर भाजपा महिला मोर्चा की एक पदाधिकारी को कथित आपत्तिजनक व्हाट्सएप संदेश भेजने का आरोप लगा था। आरोप सामने आने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई। बाद में पार्टी संगठन ने उन्हें जिला उपाध्यक्ष पद से हटा दिया। इसके बाद स्थानीय स्तर पर भाजपा के भीतर दो गुटों के बीच तनाव लगातार बढ़ता रहा।
होटल में हुई कहासुनी, फिर सड़क पर मारपीट
रविवार रात करीब 11 बजे एक होटल में नितिन मित्तल और भाजपा कार्यकर्ता रोहित सक्सेना आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद सड़क तक पहुंच गया और बीच-बचाव करने आए कुछ लोग भी घायल हो गए।

दोनों पक्षों ने लगाए अलग-अलग आरोप
नितिन मित्तल ने इस घटना को पूर्व नियोजित हमला बताते हुए अपनी जान को खतरा होने का आरोप लगाया है। वहीं रोहित सक्सेना का दावा है कि नितिन मित्तल और उनके साथियों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। विरोध करने पर मारपीट हुई, जिसमें उनके भाई के हाथ में गंभीर चोट आई। दोनों पक्षों ने पुलिस को अपनी-अपनी शिकायतें दी हैं।
थाने में देर रात तक हंगामा
घटना के बाद दोनों पक्ष मोदीनगर थाने पहुंचे, जहां कार्रवाई की मांग को लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। इस बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया।
पुलिस जांच जारी
मोदीनगर के एसीपी भास्कर वर्मा के अनुसार, प्राप्त तहरीर के आधार पर रोहित सक्सेना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस वायरल वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

