INTERNATIONAL NEWS(Pocketsnews): बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। शेख हसीना की वापसी को लेकर अब बांग्लादेश सरकार ने बड़ा बयान दिया है। सरकार का कहना है कि उनके देश लौटने की खबरें सिर्फ राजनीतिक दिखावा हैं और फिलहाल उनका वापस आने का कोई इरादा नजर नहीं आ रहा है।
दरअसल हाल ही में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि शेख हसीना दिसंबर में बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने भारत से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र यानी एनआईडी मांगा है। इन खबरों के सामने आने के बाद बांग्लादेश में भी इस मामले को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सोमवार को बांग्लादेश के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान इस पूरे मामले पर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मीडिया में शेख हसीना की वापसी को लेकर जो खबरें चल रही हैं उन्हें सरकार राजनीतिक दिखावा मानती है। अगर हसीना सच में अपने देश वापस आना चाहती हैं तो उन्हें पहले जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।
अमीनुल इस्लाम ने यह भी कहा कि अभी सरकार को ऐसा नहीं लगता कि शेख हसीना बांग्लादेश लौटने की तैयारी कर रही हैं। उनका कहना है कि सिर्फ पासपोर्ट मांगने की खबरों से यह साबित नहीं होता कि वह वास्तव में देश वापस आना चाहती हैं।
इस मामले में मुख्य अभियोजक के कार्यालय की ओर से मंगलवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की जाएगी। इसमें शेख हसीना की मौजूदा कानूनी स्थिति और पासपोर्ट से जुड़े मामले पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
वहीं बांग्लादेश सरकार ने उन्हें नया पासपोर्ट देने से इनकार किया है और भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग भी की है। ऐसे में शेख हसीना की देश वापसी का मामला अब और उलझता नजर आ रहा है।
फिलहाल सबकी नजर मंगलवार को होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर है। इसमें यह साफ हो सकता है कि बांग्लादेश सरकार इस मामले में आगे क्या कदम उठाने वाली है।

