Uttar Pardesh News (Pockets News) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और जनकपुर के बीच शुरू होने जा रही सीधी रेल सेवा को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि इस नई रेल सेवा से अवध और मिथिला के पुराने रिश्ते और मजबूत होंगे। मुख्यमंत्री ने इस खास मौके पर सभी रामभक्तों को बधाई देते हुए कहा कि दोनों क्षेत्रों के बीच सदियों से चले आ रहे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंधों में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।
सोशल मीडिया पर सीएम योगी ने क्या लिखा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा कि अवध और मिथिला के बीच सिर्फ धार्मिक ही नहीं बल्कि सामाजिक और पारिवारिक रिश्ते भी काफी पुराने हैं। दोनों क्षेत्रों के बीच रोटी और बेटी का संबंध लंबे समय से चला आ रहा है। अब अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से इन रिश्तों को एक नई मजबूती मिलेगी।
पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री करेंगे शुभारंभ
सीएम योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के कर कमलों से अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। यह मौका भारत और नेपाल के आपसी संबंधों के लिहाज से भी काफी खास माना जा रहा है। इस रेल सेवा के शुरू होने से दोनों देशों के लोगों को एक दूसरे के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
अयोध्या धाम में मौजूद रहेंगे मुख्यमंत्री योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पोस्ट में यह भी बताया कि वह खुद इस खास पल के गवाह बनने के लिए अयोध्या धाम में मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि भगवान राम की कृपा से उन्हें इस पावन अवसर में शामिल होने का मौका मिल रहा है। यह आयोजन उन लोगों के लिए भी खास होगा जिनकी आस्था भगवान श्रीराम और माता जानकी से जुड़ी हुई है।
भारत नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
अयोध्या भगवान श्रीराम की नगरी है तो जनकपुर को माता जानकी की जन्मस्थली माना जाता है। दोनों स्थानों का धार्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव काफी पुराना है। ऐसे में इनके बीच सीधी रेल सेवा शुरू होना श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित हो सकता है। इससे भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

