Punjab News(Pocketsnews): पंजाब की राजनीति में एक बार फिर सुखबीर बादल के नाम की चर्चा तेज हो गई है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की खबरों ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर नई उम्मीदें जगा दी हैं। कभी पंजाब की सत्ता में मजबूत पकड़ रखने वाले सुखबीर बादल अब मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने का सपना देख रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार उनकी पार्टी को सत्ता में वापसी का मौका मिलेगा और क्या उन्हें मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिल पाएगा।
सुखबीर सिंह बादल का राजनीतिक सफर काफी उतार चढ़ाव वाला रहा है। साल 2009 से 2017 तक वह पंजाब के उपमुख्यमंत्री रहे। इस दौरान सरकार में उनकी मजबूत भूमिका रही और अकाली दल के संगठन पर भी उनकी पकड़ बनी रही। लेकिन 2017 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद कांग्रेस ने सरकार बनाई और फिर 2022 में आम आदमी पार्टी ने पंजाब की सत्ता पर कब्जा कर लिया।
लगातार दो चुनावों में सत्ता से दूर रहने के बाद अकाली दल के सामने अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी। पार्टी के लिए सबसे मुश्किल दौर तब आया जब चुनावी नतीजों ने उसके पुराने जनाधार पर सवाल खड़े कर दिए। इसके बावजूद सुखबीर बादल ने पार्टी की कमान अपने हाथों में रखी और संगठन को फिर से मजबूत करने की कोशिश जारी रखी।
अब भाजपा के साथ गठबंधन की संभावनाओं ने अकाली दल की राजनीति को नया मोड़ दे दिया है। दोनों पार्टियां पहले भी पंजाब में साथ मिलकर चुनाव लड़ चुकी हैं। उस समय अकाली दल गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में था और भाजपा छोटे सहयोगी के तौर पर चुनाव लड़ती थी। लेकिन अब बदले हुए राजनीतिक हालात में भाजपा की भूमिका मजबूत मानी जा रही है।
इसी बदलाव के बीच सुखबीर बादल के लिए मुख्यमंत्री पद की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। अगर भाजपा और अकाली दल मिलकर चुनाव लड़ते हैं तो सीटों के बंटवारे के साथ मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर भी बातचीत अहम होगी। भाजपा बड़े भाई की भूमिका में रहती है तो अकाली दल को अपनी राजनीतिक ताकत के हिसाब से समझौता करना पड़ सकता है।
हालांकि अभी यह तय नहीं है कि गठबंधन में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा। सुखबीर बादल के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी पार्टी का पुराना जनाधार वापस लाने और जनता का भरोसा जीतने की होगी। फिलहाल इतना जरूर है कि भाजपा के साथ नजदीकी ने उनके सियासी सफर में एक नई उम्मीद जरूर पैदा कर दी है।

